Home Blog Page 13

दशहरा और हमारी मर्यादाएं

सम्पादकीय
सम्पादक : अंकित राठौड़

आज देशभर में विजयादशमी का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जगह-जगह रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले जलाकर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक प्रस्तुत किया जाएगा। लेकिन सवाल यह है कि क्या केवल पुतले दहन कर देने से बुराई समाप्त हो जाती है? क्या समाज के भीतर पनप रही कुरीतियां, भ्रष्टाचार, अपराध, अन्याय और नारी-असमानता का अंत हो पाया है?

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने अपने जीवन से हमें आदर्श दिए। उन्होंने हर परिस्थिति में अपनी मर्यादाओं का पालन किया, चाहे पुत्र धर्म हो, भ्रातृधर्म, पति का कर्तव्य हो या राजा की जिम्मेदारी। उनके लिए सत्य, करुणा, संयम और धर्म सर्वोपरि थे। यही कारण है कि आज भी वे भारतीय संस्कृति के सर्वश्रेष्ठ आदर्श पुरुष कहे जाते हैं।

आज के समय में हम रावण का पुतला तो जलाते हैं, पर भीतर बैठी रावणी प्रवृत्तियों को पोषित करते रहते हैं। अहंकार, लोभ, ईर्ष्या, हिंसा और स्त्री के प्रति अनादर जैसी बुराइयां आज भी समाज में फैली हुई हैं। दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या, नशाखोरी, भ्रष्टाचार और जातीय भेदभाव जैसे कई आधुनिक रावण हमारे चारों ओर खड़े हैं। इनका अंत केवल आतिशबाजी से नहीं होगा, बल्कि आचरण से होगा।

दशहरा हमें यह स्मरण कराता है कि यदि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः पराजित होती है। लेकिन शर्त यही है कि हम भी राम की तरह आत्मसंयम, कर्तव्यनिष्ठा और सत्य के मार्ग पर चलें। समाज की कुरीतियों को बदलने की जिम्मेदारी हम सभी की है। नारी का सम्मान करना, उनके अधिकारों की रक्षा करना, बच्चों में अच्छे संस्कार भरना और स्वयं अपने आचरण को शुद्ध रखना यही असली रावण दहन है। इस पर्व पर संकल्प लेना चाहिए कि हम केवल उत्सव तक सीमित न रहें, बल्कि अपने जीवन को भी राम के आदर्शों से जोड़ें। तभी विजयादशमी का सही अर्थ साकार होगा और अच्छाई की विजय वास्तविक रूप से संभव होगी।

दशहरा पर महू कोतवाली में हुआ शस्त्र पूजन, एडिशनल एसपी और थाना प्रभारी ने दी शुभकामनाएं

महू। विजयादशमी के पावन पर्व पर महू कोतवाली थाने में पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी एवं थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत रूप से शस्त्रों की पूजा की।

पुलिस विभाग की परंपरा के अनुसार, शस्त्र पूजन शक्ति और धर्म की रक्षा का प्रतीक माना जाता है। पूजन कार्यक्रम के दौरान कोतवाली थाना का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा और पूरे विधि-विधान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

पूजन के पश्चात एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी एवं थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने समस्त स्टाफ को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और उन्हें कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के लिए प्रेरित किया। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि पुलिस कर्मियों के मनोबल और सेवा भाव को भी सुदृढ़ करने वाला रहा।

रास-ए-रंग गरबा महोत्सव में गूंज रहे भक्तिमय गीत, उमड़ रहा आस्था का सैलाब

महू। नवरात्रि पर्व पर महू में मां जगदंबा की भक्ति और गरबा रास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। रास-ए-रंग गरबा महोत्सव में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु महिलाएं और युवतियां पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर गरबा रास की प्रस्तुतियों के माध्यम से मां की आराधना कर रही हैं। पूरा परिसर भक्तिमय गीतों और तालियों की गूंज से आलोकित हो रहा है।

पांच दिवसीय इस भव्य आयोजन में आस्था और उल्लास का अनोखा रंग देखने को मिल रहा है। यहां मां जगदंबा के जयकारों के बीच महिलाएं गरबा नृत्य करते हुए मां से सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना कर रही हैं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी-धजी बालिकाओं से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक सभी गरबा रास में पूरे उत्साह के साथ शामिल हो रही हैं।

इस गरबा महोत्सव का आयोजन भाजपा युवा नेता अक्षत शर्मा द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य परंपरा और संस्कृति को जीवंत रखना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी गरबा रास के माध्यम से भक्ति और आनंद की इस धारा में शामिल हो सकें। 27 सितम्बर से शुरू हुआ रास ए रंग गरबा महोत्सव 1 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन की तरह मां अम्बे की महाआरती के बाद गरबा रास का भव्य आयोजन होगा।

शरारती तत्वों ने डालना चाहा खलल

इस भव्य गरबा रास महोत्सव की पावनता और आस्था को कुछ शरारती तत्वों ने बिगाड़ने का प्रयास किया। जलन और द्वेष की भावना से आयोजन समिति के लगाए गए फ्लेक्स और पोस्टर भी फाड़ दिए गए। लेकिन आयोजक मंडल ने इस नकारात्मकता को नज़रअंदाज़ करते हुए सब कुछ मां भगवती की इच्छा पर छोड़ दिया और महोत्सव को पहले की तरह श्रद्धा और उल्लास के साथ आगे बढ़ाया।

महू थाने में गूंजा भक्ति रस, सुंदरकांड पाठ में थिरके पुलिसकर्मी

0

भजनों और प्रसादी से महका थाना परिसर, बच्चों की मुस्कान बनी मुख्य आकर्षण

 महू। गुरुवार को महू कोतवाली थाने का नज़ारा बिल्कुल बदला-बदला सा था। यहां हर तरफ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल था। मौका था थाना क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के लिए आयोजित सुंदरकांड पाठ का। सुबह 11ः30 बजे आरंभ हुआ पाठ दोपहर तक चलता रहा और इस दौरान पूरा थाना परिसर वीर हनुमान और श्री राम भक्ति में सराबोर हो गया।

पुलिसकर्मी न केवल श्रद्धापूर्वक पाठ में सहभागी बने बल्कि भजनों की मधुर धुन पर थिरकते भी दिखे। थाना प्रभारी राहुल शर्मा की अगुवाई में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में एएसपी रूपेश द्विवेदी, एसडीएम राकेश परमार, एसडीओपी ललित शिखरवार, नायब तहसीलदार राधावल्लभ धाकड़, किशनगंज व बड़गोंदा थाना प्रभारी सहित थाना स्टाफ और पत्रकार मौजूद रहे।

पाठ अनुष्ठान कार्यक्रम अंतर्गत चौपड़ा वाटिका गार्डन में महाप्रसादी का आयोजन किया गया। शुरुआत मासूम बच्चों को भोजन परोसकर हुई। इसके बाद थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने बच्चों को फल और उपहार भेंट किए। नन्हें-मुन्नों के चेहरे पर खुशी देख उपस्थित सभी लोगों का मन खिल उठा। प्रसादी का आनंद बाद में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने भी मिलकर लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा ऐसे आयोजन से न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है बल्कि थाना परिसर में सकारात्मक और शांत वातावरण भी स्थापित होता है। यह पहल पुलिस और समाज के बीच रिश्तों को और अधिक प्रगाढ़ करती है।

E-PAPER

0

खाद की किल्लत से किसान परेशान,लगा रहे सुबह 5 बजे से नंबर

0

खाद की भारी किल्लत, रबी की बुवाई संकट में, किसान परेशान

इंदौर–महू–सिमरोल। जिले की सहकारी संस्थाओं में इन दिनों खाद की जबरदस्त किल्लत देखने को मिल रही है। रबी की फसल की बुवाई का समय चल रहा है, लेकिन किसानों को ज़रूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि किसानों को सुबह 5 बजे से लाइन में लगना पड़ रहा है, फिर भी अधिकांश किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा।

प्रत्येक संस्था पर प्रतिदिन मात्र 40 से 50 टोकन ही वितरित किए जा रहे हैं और एक किसान को अधिकतम 5 बोरी यूरिया ही दी जा रही है। इससे हजारों किसान खाद के लिए भटकने को मजबूर हैं।

संस्थाओं के प्रबंधन का कहना है कि जितना खाद उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है, वह पूरा का पूरा किसानों को बांटा जा रहा है। उनका दावा है कि खाद की सप्लाई सीमित है, लेकिन जल्द ही इसकी उपलब्धता में सुधार होगा। हालांकि किसानों में इस स्थिति को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि हर साल रबी और खरीफ सीजन में खाद की कमी होती है, लेकिन सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रही है।

एक किसान ने नाराज़गी जताते हुए कहा, जब सरकार को पता है कि इस समय खाद की जरूरत होगी, तो पहले से इंतजाम क्यों नहीं किए जाते? हर साल हमें लाइन में लगकर अपमानित होना पड़ता है। किसानों की मांग है कि सरकार इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करे और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए।


पुलिस अधीक्षक धार ने नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा

धार। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए देवीजी मंदिर एवं मेला प्रांगण का निरीक्षण किया गया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों की गूगल-मीट के माध्यम से बैठक भी आयोजित की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर और मेला प्रांगण में बेहतर यातायात व्यवस्था, पार्किंग, दुकानों की व्यवस्था एवं सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने गूगल मीट के माध्यम से सभी अधिकारियों को नवरात्रि, दशहरा और चुनरी यात्रा जैसे पर्वों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हाट-बाजार और मेले, गरबा पांडाल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।

साथ ही उन्होंने असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने, शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने और सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे फेसबुक, व्हाट्सअप, इंस्टाग्राम पर वायरल होने वाले आपत्तिजनक फोटो, ऑडियो और वीडियो पर निगाह रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा, डीसीपी अजाक आनंद तिवारी, थाना प्रभारी नौगांव निरीक्षक सुनिल शर्मा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक समीर पाटीदार, यातायात थाना प्रभारी रनि. प्रेमसिंह ठाकुर, रक्षित निरीक्षक पुरषोत्तम विश्नोई सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

माँ जगदम्बा की चुनरी एवं कलश यात्रा 24 सितम्बर को

अंतरसिंह दरबार ढाई साल बाद धार्मिक आयोजन से फिर आए चर्चाओं में

महू। नगर और ग्रामीण अंचल में आस्था और श्रद्धा का माहौल 24 सितम्बर को चरम पर रहने वाला है, जब माँ जगदम्बा की चुनरी एवं कलश यात्रा का भव्य आयोजन होगा। यह यात्रा पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार द्वारा आयोजित की जा रही है, जो बुधवार सुबह 10 बजे महेश्वरी विद्यालय से प्रारंभ होकर सात रास्ता स्थित काली माता मंदिर तक पहुंचेगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है।

अंतरसिंह दरबार

अंतरसिंह दरबार, जो महू से कांग्रेस के पूर्व विधायक रह चुके हैं, ने 2023 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। भाजपा में शामिल होने के बाद यह उनका पहला बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसने एक बार फिर विधानसभा स्तर पर उनकी सक्रियता और लोकप्रियता को चर्चा का विषय बना दिया है। ढाई साल बाद धार्मिक आयोजन के बहाने दरबार ने पुनः अपने समर्थकों को जोड़े रखने और नए राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिशें तेज कर दी हैं। जानकारी के अनुसार इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के जुड़ने की संभावना है। इसके लिए दरबार ने गांव-गांव बैठकों का आयोजन कर लोगों से बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया है।

यात्रा में कई गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी रहने वाली है। मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार एवं महू विधायक उषा ठाकुर उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा इंदौर विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष चिंतु वर्मा और विशाल पटेल भी शामिल होंगे।

महू विधानसभा में दरबार की पकड़ और सक्रियता इस आयोजन से एक बार फिर साफ झलक रही है। कांग्रेस में रहते हुए भी उनके साथ समर्थकों का मजबूत कारवां जुड़ा रहा, और भाजपा में आने के बाद भी उन्होंने अपनी राजनीतिक जमीन और जनाधार को बनाए रखा है। चुनरी यात्रा को न सिर्फ धार्मिक आयोजन माना जा रहा है, बल्कि इसे दरबार की आगे की रणनीति और सक्रिय राजनीति की ओर बढ़ते कदम के रूप में भी देखा जा रहा है।

E-PAPER

0

इंदौर प्रेस क्लब चुनाव 2025 : प्रेस क्लब भवन बना रणभूमि, गुटबाजी के बीच जबरदस्त वोटिंग

रंगीला प्रदेश इंदौर। इंदौर प्रेस क्लब चुनाव 2025 में आज सुबह से ही माहौल बेहद गर्म है। प्रेस क्लब भवन चुनावी रणभूमि में तब्दील हो चुका है। सुबह 9 बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर 3 बजे तक चलेगा, इसके बाद शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतदान केंद्र पर पत्रकारों की लंबी कतारें लगी हैं और समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए जमकर ताकत झोंक रहे हैं।

अध्यक्ष पद पर हेमंत शर्मा, दीपक कर्दम और अंकुर जायसवाल के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। इसके अलावा तीन अलग-अलग पैनलों से विभिन्न पदों पर उम्मीदवार मैदान में हैं। गुटबाजी साफ नजर आ रही है, लेकिन इसके बावजूद पत्रकारों का उत्साह चरम पर है।

अब तक 904 में से 537 पत्रकार अपने मत डाल चुके हैं। दोपहर 3 बजे तक मतदान जारी रहेगा, जबकि शाम को होने वाली मतगणना में रोमांच अपने चरम पर होगा। आज ही यह तय होगा कि प्रेस क्लब की कमान किसके हाथ में जाएगी।