Home Blog Page 12

रोटरी क्लब महू कैंट ने बेरछा में 130 छाते और रेनकोट वितरित किए

0

महू। ग्राम बेरछा में रोटरी क्लब महू कैंट ने सभी ग्रामीणों को 130 छाते और रेनकोट वितरित किए। यह सेवा कार्य क्लब के सभी सदस्यों के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सरदार मालवीय, अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार पाटीदार, विशेष अतिथि सचिव अंबर सोनी, डॉ. सुरेश चौहान, राकेश कनोजिया, देवेंद्र बॉथम, अमर दास उदासी और मांगीलाल मालवीय उपस्थित थे। सभी अतिथियों का स्वागत ग्राम पंचायत बेरछा के सरपंच कुलदीप ठाकुर ने किया।

मुख्य अतिथि सरदार मालवीय ने ग्रामीणों का धन्यवाद किया और इस पहल के लिए सराहना व्यक्त की। अध्यक्ष डॉ. राजेश पाटीदार ने रोटरी क्लब के समाज सेवा कार्यों के बारे में बताया और ग्रामीणों को फायरिंग रेंज में जंगल से अनजाने में सामान न उठाने की सावधानी बरतने की सलाह दी। विशेष अतिथि डॉ. सुरेश चौहान ने बच्चों को हाथ धोकर स्वच्छता बनाए रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में सचिव अंबर सोनी ने सभी का आभार व्यक्त किया और अतिथियों ने मिलकर ग्रामीणों को छाते और रेनकोट वितरित किए।

माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में ताइक्वांडो प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्पन्न

महू। माउंट लिटरा ज़ी स्कूल महू में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में ताइक्वांडो प्रतियोगिता एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार मालवीय, पूर्व कैंटोनमेंट पार्षद एवं उपाध्यक्ष रचना विजयवर्गीय तथा एनेस्थिस्ट डॉ. सुरेश चौहान थे।

कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक हुला हूप और नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। बालिकाओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सबका मन जीता। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। कक्षा सातवीं के छात्र प्रवेश केलोत्रा एवं कक्षा नौवीं की छात्रा ईरा रावत को बेस्ट प्लेयर पुरस्कार से नवाज़ा गया।

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथियों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को स्मरण करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करते हैं। विशेष रूप से रचना विजयवर्गीय ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति रुझान बढ़ाने हेतु प्रेरित किया और उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया। विद्यालय के चेयरमैन तारिक़ कुरैशी ने विजेताओं को बधाई देते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राएँ दृष्टि अवर एवं आध्या मित्तल ने किया।

देपालपुर में दीवार गिरने से युवक की मौत, पोस्टमार्टम में देरी से भड़के परिजन

देपालपुर। सोमवार शाम लगभग चार बजे तकीपुरा निवासी धर्मेंद्र पिता बद्री (उम्र 23 वर्ष) की दीवार गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय मर्चुरी रूम भेजा। मंगलवार दोपहर तक पोस्टमार्टम शुरू न होने पर परिजनों का सब्र टूट गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लेटलतीफी और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते शव का परीक्षण समय पर नहीं हो पाया। आक्रोशित परिजनों ने खजराया रोड पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” और “डॉक्टरों की बेईमानी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। सूचना मिलते ही देपालपुर थाना प्रभारी रणजीत बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाइश देते हुए तत्काल डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ को बुलवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई और शव परिजनों को सौंपा गया। देपालपुर एसडीएम राकेश मोहन त्रिपाठी ने कहा कि मामला अब पूरी तरह सुलझा लिया गया है। हालांकि उन्होंने नाराज़गी जताते हुए बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस विभाग ने उन्हें समय पर नहीं दी।

रतलाम में जीतू पटवारी के वाहन पर पथराव, कांच फूटे; नेता सुरक्षित

रतलाम। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के वाहन पर शनिवार को रतलाम में पथराव हो गया। घटना में गाड़ी के कांच टूट गए, हालांकि पटवारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले पटवारी ने धाकड़ समाज को लेकर एक विवादित बयान दिया था। उसी बयान को लेकर समाज के लोग विरोध के लिए एकत्रित हुए थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग हाथों में काले झंडे लेकर खड़े थे। इसी बीच अचानक पथराव शुरू हो गया। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी को तेज़ी से वहां से निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पटवारी ने अपने बयान में कहा था कि—
“धाकड़ हाईवे कांड सुना था, उसके बाद एक और उससे बड़ा कांड मंदसौर BJP नेता ने किया है, उसका वीडियो-फोटो जल्दी मिलेगा।”

धाकड़ समाज ने इस टिप्पणी को अपमानजनक और समाज विरोधी बताते हुए विरोध दर्ज कराया था। उनका कहना है कि इस तरह के बयान से समाज की छवि धूमिल होती है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से इलाके का राजनीतिक माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है।

यंग फेडरेशन क्लब द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन

महू। यंग फेडरेशन क्लब महू ने अपने दिवंगत सदस्यों मरहूम रफीक भाई (भूरा), मरहूम एडवोकेट रशीद अर्शी, स्व. जुगल किशोर अग्रवाल, मरहूम अमजद समोदिया एवं स्व. रमेश सैनी (काका) की स्मृति में रविवार, 31 अगस्त 2025 को पत्ती बाजार स्थित जमात खाना पर निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इंदौर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं आगर के पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े, विशेष अतिथि जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सदाशिव यादव एवं जिला प्रभारी अवनीश भार्गव रहे। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार संघ अध्यक्ष विजय खंडेलवाल, समाजसेवी जीतू ठाकुर, इंदौर जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष दौलत पटेल, महू शहर कांग्रेस कमेटी कार्यवाहक अध्यक्ष पप्पू खान, वरिष्ठ समाजसेवी जगमोहन सोन, कांग्रेस नेता हरिराम जुलवानिया सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

शिविर में लगभग 180 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। इसमें डेंटल कॉलेज राऊ, सेंट्रल लैब, हरे कृष्णा आई केयर सेंटर की टीम सहित डॉ. ऋतु घोष, डॉ. श्रेया कानूनगो, डॉ. फातेमा सैफी, डॉ. सिमरन चौहान, डॉ. पीयूष गायकवाड़ एवं समाजसेवी डॉ. जे.पी. धर्मा ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।

आयोजन में वरिष्ठ सदस्य पं. गोविंद शर्मा, इकबाल भाई एवं सत्तार मामू प्रेरणास्रोत रहे। वहीं युवा साथियों आमिर खान, वाजिद शेख, अरशद खान, इरशाद कुरैशी, जैद समोदिया, साहिल कुरैशी, शाहरुख खान, विक्की कौशल, गौरव शर्मा, देवेंद्र अग्रवाल, ओम पटेल, अयाज खान, निहाल खान, वसीम भाई, इरफान शेख, छुट्टन कुरैशी, वीरेंद्र झंझोट आदि ने विशेष सहयोग दिया।

अंत में आभार प्रदर्शन आमिर खान द्वारा किया गया। उक्त जानकारी अमित अग्रवाल ने दी।

महू में यंग फेडरेशन क्लब पत्तीबाजार द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

महू। यंग फेडरेशन क्लब पत्तीबाजार महू के तत्वावधान में रविवार, 31 अगस्त 2025 को प्रातः 10:30 बजे पत्तीबाजार मस्जिद के सामने स्थित जमातखाना पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

क्लब के सदस्य एवं अल्पसंख्यक कांग्रेस महू शहर अध्यक्ष आमिर खान ने बताया कि यह शिविर फेडरेशन के दिवंगत सदस्यों रफीक भाई (भूरा), एडवोकेट रशीद अर्शी, जुगल किशोर अग्रवाल, अमजद समोदिया और रमेश सैनी (काका) की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।

शिविर में डेंटल कॉलेज ऑफ साइंस राऊ से दंत विशेषज्ञ डॉ. ऋतु घोष, डॉ. श्रेया कानूनगो एवं पंकज घनश्याम बनसोड़े की टीम, हरे कृष्णा आई केयर सेंटर राऊ से नेत्र विशेषज्ञ डॉ. पीयूष गायकवाड और महू के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे.पी. धर्मा अपनी सेवाएँ देंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंदौर जिला ग्रामीण कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री विपिन वानखेड़े तथा पूर्व जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष श्री सदाशिव यादव उपस्थित रहेंगे कार्यक्रम का संचालन अमित अग्रवाल करेंगे।

इंदौर में रोक, अब महू में भी बढ़ रही भिक्षावृत्ति की प्रवृत्ति

0

महू। इंदौर में हाल ही में भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने की कार्रवाई के बाद अब महू शहर में भी बड़ी संख्या में लोग भिक्षावृत्ति करते देखे जा सकते हैं। मुख्य बाज़ार, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर भिक्षा मांगने वालों की उपस्थिति लगातार बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियाँ न केवल शहर की छवि को प्रभावित कर रही हैं, बल्कि सामाजिक व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर डालती हैं। इंदौर की तरह महू में भी प्रशासन को संज्ञान लेकर सख्त कदम उठाने की ज़रूरत है, ताकि भिक्षावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महू में सेना भर्ती पर कैरियर सत्र आयोजित

0

महू। सेना भर्ती कार्यालय महू द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महू के विद्यार्थियों के लिए “सेना में रोजगार के अवसर” विषय पर एक कैरियर एवं परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र विशेष रूप से कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए रखा गया था, हालांकि कक्षा 10 के छात्र भी इसमें शामिल हुए।

सत्र का संचालन सेना भर्ती कार्यालय महू के सहायक भर्ती अधिकारी सूबेदार मेजर घनश्याम सिंह नेगी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता शेल्के ने पुष्प पादप भेंटकर स्वागत से की।

सूबेदार मेजर नेगी ने छात्रों को सेना में विभिन्न स्तरों पर उपलब्ध कैरियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अग्निवीर चयन प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया और साथ ही एनडीए, सीडीएस, टीईएस तथा एसएसबी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी भी साझा की।

उन्होंने बताया कि अग्निवीर योजना के तहत भर्ती के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले भारतीय सेना की अधिकृत वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद अभ्यर्थी सेना भर्ती रैलियों में भाग ले सकते हैं, जहां उन्हें लिखित परीक्षा (सीईई), शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएफटी) और चिकित्सा परीक्षण से गुजरना होगा। साथ ही 12वीं के बाद एनडीए और तकनीकी प्रवेश योजना (टीईएस) तथा स्नातक के बाद सीडीएस परीक्षा के माध्यम से अधिकारी स्तर पर भी भर्ती के अवसर उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम में सेना भर्ती प्रक्रिया से संबंधित पोस्टर भी विद्यार्थियों को वितरित किए गए। अंत में दिनेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

जूनियर एशियन चैंपियनशिप में हरिओम चावड़ा का चयन, 50 मीटर फ्री पिस्टल में चौथा स्थान

0

महू। ग्राम भगोरा निवासी एवं श्री एकेडमी के पूर्व छात्र, राष्ट्रीय पदक विजेता निशानेबाज हरिओम चावड़ा का कजाकिस्तान में आयोजित होने वाली जूनियर एशियन चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ। उन्होंने 28 अगस्त को हुई 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व कर पूरे एशिया में चौथा स्थान हासिल किया।

हरिओम वर्तमान में भारतीय खेल प्राधिकरण के भोपाल स्थित मध्यप्रदेश शूटिंग एकेडमी में कोच पी.एन. प्रकाश एवं जयवर्धन सर से प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी इस सफलता पर श्री एकेडमी परिवार, डायरेक्टर डॉ. राजेश पाटीदार और प्राचार्या डॉ. हेमलता पाटीदार सहित छात्रों व शिक्षकों ने वीडियो कॉल के माध्यम से शुभकामनाएँ दीं। साथ ही ग्राम भगोरा की सरपंच लक्ष्मी सूरज वर्मा, पिता शिवनारायण चावड़ा, ग्रामीणजन, वरिष्ठ खिलाड़ी संगठन, बाल महोत्सव समिति, संस्था वात्सल्य, रोटरी क्लब ऑफ महू कैंट और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने

नीमच में होगा संगठन का जिला स्तरीय सम्मेलन, वरिष्ठ पदाधिकारी रहेंगे शामिल

भोपाल/नीमच। प्रदेश संगठन प्रमुख योगेश जी का 30 अगस्त से 1 सितम्बर तक नीमच दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान संगठन के विभिन्न स्तरों की बैठकें एवं जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अनुसार 30 अगस्त को प्रातः 11 बजे बैंसागढ़ में तीनों विंग—पुरुष, महिला एवं यूथ ब्रिगेड—के जिला और राज्य पदाधिकारियों की बैठक होगी। शाम 6 बजे वे इंदौर से नीमच के लिए रेलमार्ग से रवाना होंगे तथा रात्रि 1 बजे नीमच पहुंचेंगे।

31 अगस्त को प्रातः 11 बजे नीमच जिला संगठन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन में वे शामिल होंगे। सम्मेलन के उपरांत दोपहर में उनका भोपाल वापसी का कार्यक्रम है। 1 सितम्बर को प्रातः 7 बजे उनका भोपाल आगमन होगा।

दौरे के दौरान संबंधित विभागीय एवं जिला प्रमुख पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वागत एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक और सम्मेलन में राज्य व जिला स्तर के सभी पदाधिकारी, महिला व यूथ ब्रिगेड प्रमुख, शिक्षाविद् एवं ब्लॉक अध्यक्षों सहित सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है।