महू। ग्राम पंचायत चोरड़िया के अंतर्गत आने वाले जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल पातालपानी की पार्किंग स्टैंड निलामी आगामी 7 जुलाई की जाएगी। इस संबंध में ग्राम पंचायत ने नीलामी सूचना जारी कर इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जारी सूचना के अनुसार नीलामी की प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत कार्यालय चोरड़िया में संपन्न होगी। इच्छुक बोलीदाताओं को 5 जुलाई 2026 तक 25,000 रुपये पंजीयन शुल्क पंचायत कार्यालय में जमा करना होगा। यह राशि नीलामी के बाद सफल बोलीदाता की कुल राशि में समायोजित की जाएगी। पंचायत द्वारा वाहन स्टैंड की आरक्षित राशि 6 लाख 11 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इससे कम की बोली स्वीकार नहीं की जाएगी। सर्वाधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को कार्यादेश जारी किया जाएगा।

नीलामी की शर्तों के अनुसार सफल बोलीदाता को नीलामी स्वीकृति के तत्काल बाद कुल बोली राशि का 25 प्रतिशत जमा करना होगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत राशि तीन दिवस के भीतर जमा करनी होगी। इसके बाद ही वाहन शुल्क वसूली का कार्य प्रारंभ किया जा सकेगा। इसके अलावा सफल ठेकेदार को अपने खर्च पर पार्किंग स्थल की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं भी करना होंगी। नीलामी से संबंधित किसी भी विवाद या निर्णय का अंतिम अधिकार ग्राम पंचायत चोरड़िया के पास रहेगा, जिसे सभी बोलीदाता मानने के लिए बाध्य होंगे।

