रंगीला प्रदेश | जीवन डोडिया
पीथमपुर। छत्रछाया कॉलोनी स्थित गुरुकुल स्कूल में वार्षिक उत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ की गई।
वार्षिक उत्सव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को जागरूक करने वाले संदेश दिए। बच्चों ने सिंदूर की महत्ता, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सब पढ़े-सब आगे बढ़े एवं नैतिक शिक्षा जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
विद्यालय के डायरेक्टर राज पटेल ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि समाजसेवी पार्षद अशोक पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कविता प्रदीप द्विवेदी, राजकुमार रघुवंशी, जगमाल सिंह पवार, ललित पनिहार सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की डायरेक्टर प्रियंका राज पटेल ने किया। वार्षिक उत्सव ने बच्चों के आत्मविश्वास और संस्कारों को मंच प्रदान किया।
