धार। जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वृत्त सागौर क्षेत्र में अवैध हाथ भट्टी मदिरा के अड्डों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चलित भट्टियों को नष्ट कर करीब 9 लाख 30 हजार 500 रुपए मूल्य की अवैध मदिरा और महुआ लहान जब्त किया गया। मामले में 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
यह कार्रवाई शुक्रवार 09 मई 2026 को कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के आदेशानुसार एवं सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदैनिया ने किया।
आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त सागौर अंतर्गत भौंडिया तालाब, मरी माता और टंटया मामा नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण स्थलों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 9200 किलो महुआ लहान तथा 70 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। साथ ही मौके पर संचालित चलित भट्टियों को भी नष्ट किया गया।
विभाग के अनुसार जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 30 हजार 500 रुपए आंकी गई है। अवैध मदिरा निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदैनिया, आबकारी उपनिरीक्षक नीलेश नेमा, शालिनी सिंह, मुनेंद्र सिंह जादोन, राजकुमार शुक्ला, रोहित मुकाती, सृष्टि गिरवाल सहित वृत्त सागौर, धार, सरदारपुर एवं बदनावर के आबकारी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
