लात-घूंसे चले, कार में तोड़ फोड, जान से मारने की धमकी
महू/मानपुर। मानपुर क्षेत्र में भाजपा के दो गुटों के बीच चल रही राजनीतिक अदावत एक बार फिर हिंसक रूप ले बैठी। शुक्रवार देर शाम मानपुर चौराहे पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता के बीच जमकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मीणा पर न केवल लात-घूंसे चले, बल्कि उनकी कार के कांच भी फोड़ दिए गए। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौराहे पर रोकी कार, फिर किया हमला
मानपुर मंडल अध्यक्ष संजय मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे अपनी नई कार किया सोनेट (एम-09-बीजी-8005) से पिंटू मीणा और पवन चौहान के साथ खेडीसिहोद से मानपुर आ रहे थे। मानपुर चौराहे पर ट्रैफिक जाम के कारण वाहन रुका हुआ था, तभी वहां पहले से मौजूद राजमल पटेल (पिता दिनेश पटेल, निवासी नई बरोदा, थाना सागौर, जिला धार) हाथ में सरिया लिए खड़ा मिला। आरोप है कि राजमल पटेल ने अचानक कार पर सरिये से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया, जिससे कार का आगे का कांच चकनाचूर हो गया। घबराकर जब संजय मीणा कार से बाहर निकले तो आरोपी ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दीं। विरोध करने पर लात, घूसो से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई।
पहले भी हो चुका है विवाद
गौरतलब है कि इससे पहले 8 मार्च को भी संजय मीणा का विवाद संतोष पाटीदार से हो चुका है। उस समय दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मानपुर और बड़गोंदा थाने में प्रकरण दर्ज कराए थे। मंडल अध्यक्ष संजय मीणा क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर के समर्थक हैं, जबकि भाजपा नेता संतोष पाटीदार कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार के समर्थक हैं। इसी राजनीतिक खींचतान के चलते क्षेत्र में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मानपुर पुलिस ने संजय मीणा की रिपोर्ट पर आरोपी राजमल पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
