कॉपी-पेन और बिस्किट वितरित किए, गुड टच-बैड टच की दी जानकारी, छेड़छाड़ होने पर तुरंत शिकायत करने की दी समझाइश
मानपुर। पुलिस की छवि केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता और विश्वास बढ़ाने की भी है। इसी उद्देश्य से मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे शासकीय कन्या हाई स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें सुरक्षा और जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने छात्राओं को कॉपी, पेन एवं बिस्किट वितरित किए। साथ ही गुड टच-बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की अनुचित हरकत, छेड़छाड़ या उत्पीड़न होने पर डरने या चुप रहने की बजाय तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि पुलिस छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है।

थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे ने छात्राओं को साइबर अपराधों से भी सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से सोशल मीडिया या मोबाइल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग बनाते हैं। क्षेत्र के लोगों ने भी थाना प्रभारी की इस पहल को पुलिस के मानवीय और संवेदनशील स्वरूप का सकारात्मक उदाहरण बताया।
