महू। ट्राईकॉन सिटी स्थित त्रिकुटा धाम मंदिर में करवा चौथ का पर्व हर्षोल्लास के साथ पारंपरिक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर करीब डेढ़ सौ महिलाओं ने भाग लिया। पिछले दो वर्षों से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है, कार्यक्रम में स्वर्ण सिटी, दतोदा, जोशीगुड़िया, मोरोद, उमरिखेड़ा, अनुराधानगर और सिमरोल की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए अनेक रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सर्वश्रेष्ठ मेहंदी, मिसेज करवा चौथ, सर्वश्रेष्ठ पूजा थाली, बेस्ट परफॉरमेंस जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इस वर्ष के करवा चौथ सेलिब्रेशन 0.2 की मुख्य अतिथि आईएएस प्रीति अग्रवाल (अध्यक्ष, पोस्ट ऑफिस) रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में महिलाओं को सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। मुख्य आयोजक कक्षा प्री-स्कूल की संचालिका परिधि शर्मा ने बताया कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का प्रतीक है। कार्यक्रम में हर वर्ष की तरह इस बार भी ‘नारी शक्ति सम्मान’ प्रदान किया गया, जो इस वर्ष डॉ. सीमा रावत और प्रमिला को दिया गया। उन्हें यह सम्मान पिछले वर्ष की विजेता रत्ना और विनीता द्वारा प्रदान किया गया।

पूजन कार्यक्रम सुबह 11 बजे पंडित जी के मंत्रोच्चारण के साथ प्रारंभ हुआ। सभी महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा, हवन और आरती में भाग लिया। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, वहीं रेडियो जॉकी साक्षी की उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। यह सभी के लिए नया और उत्साहजनक अनुभव रहा।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में राजश्री, नीलू, मेघा, नेहा, रितिका और विनीता शामिल थीं, जिन्होंने विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को पुरस्कृत किया। ट्राईकॉन सिटी की निवासी उषा मालाकार, पूनम चावला, रेनू अरोरा, अर्चना विष्कर्मा, साधना रंजन, सना रावत, सुनीता भाटिया, मेघा परादे और कृतिका मुद्गल ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से इस कार्यक्रम का हिस्सा बन रही हैं और यह पर्व अब सभी महिलाओं के लिए आनंद, सौहार्द और परंपरा का प्रतीक बन चुका है। कार्यक्रम के समापन पर सभी महिलाओं को स्मृति उपहार प्रदान किए गए और सामूहिक फोटो सेशन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।