Home Blog Page 8

श्री एकेडमी का स्काउट ब्रास बैंड करेगा मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व

19वीं राष्ट्रीय जंबूरी लखनऊ में प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति को देगा सलामी

महू। ग्राम कोदरिया स्थित श्री एकेडमी विद्यालय का 18 सदस्यीय स्काउट ब्रास बैंड 23 से 29 नवंबर तक लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय डायमंड जंबूरी में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। शिक्षा विभाग एवं स्काउट-गाइड के वरिष्ठ अधिकारियों ने दल को झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के समक्ष विशेष प्रस्तुति

राष्ट्रीय जंबूरी के शुभारंभ समारोह में बैंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुति देगा। समापन समारोह में बैंड दल महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सलामी देगा। जंबूरी के दौरान आयोजित राष्ट्रीय स्काउट एवं गाइड बैंड प्रतियोगिता में दल 15 मिनट की विशेष फॉर्मेशन प्रस्तुति भी देगा।

चयन राज्य मुख्यालय भोपाल द्वारा

श्री एकेडमी का बैंड भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य मुख्यालय भोपाल द्वारा विभिन्न बैंड दलों के बीच चयनित किया गया है। यह वही बैंड है जिसने वर्ष 2023 में पाली, राजस्थान में आयोजित 18 वीं राष्ट्रीय जंबूरी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के समक्ष उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर ए ग्रेड प्राप्त किया था। बैंड दल को स्काउटर डॉ. राजेश पाटीदार, सुदर्शन पाटीदार और ललतेश बैरागी द्वारा तैयार किया गया है।

प्रशिक्षण पूरा, दल को मिली शुभकामनाएं

जंबूरी से पूर्व बैंड दल ने 19 व 20 नवंबर को आयोजित संभागीय जंबूरी प्रशिक्षण में भाग लिया। आयोजित समारोह में सहायक संचालक (शिक्षा) अनीता चौहान, राज्य उपाध्यक्ष मीना डागौर, जिला शिक्षा अधिकारी प्रतिनिधि राकेश पंडित सहित अधिकारियों ने दल को सम्मानित कर रवाना किया। इधर बैंड दल के चयन पर केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, विधायक उषा ठाकुर, जनपद अध्यक्ष सरदार मालवीय, कोदरिया सरपंच सतीश डावर सहित कई जनप्रतिनिधियों, शिक्षाधिकारियों तथा सामाजिक संस्थाओं ने शुभकामनाएं दीं। वही रोटरी क्लब ऑफ महू कैंट, वरिष्ठ खिलाड़ी संगठन, स्थानीय सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणजन ने भी दल को आशीर्वाद देकर विदाई दी।

E-PAPER RANGEELA PRADESH

0

निनाद म्यूज़िकल ग्रुप की सुमधुर प्रस्तुतियों ने बांधा समा

महू। अभिनव कला समाज के सभागृह में आयोजित संगीत संध्या में निनाद म्यूज़िकल ग्रुप के कलाकारों ने सुमधुर गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधिवत रूप से की गई। इसके बाद कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कुहू कुहू गाए कोयलिया और  मेरे ढोलना  जैसे गीतों ने सभागृह में संगीत का खुशनुमा माहौल बना दिया। वहीं ‘प्यार कभी कम नहीं करना , तुमसे दूर रहके , जादूगर जादूगर आएगा , आज तुझसे जो कहना है]  जैसे गीतों को भी श्रोताओं ने खूब सराहा।

कार्यक्रम की आयोजिका संगीता भालराय ने बताया कि महू से पधारे पंकज बनसोडे, सुनील कौशल, सुरेश वैद्य, अनुराग तिवारी, जितेंद्र चौधरी, शिखा कश्यप तथा इंदौर के सतीश गंगराड़े, कृष्णकांत गोयल, विपिन नाइक, बसंत ठक्कर, शिवकुमार, राजेश आर्य, प्रकाश गांगाले, भगवान सिंह, संतोष कौल, भारती होलकर, राजकुमारी सोनी सहित कई कलाकारों ने नए – पुराने गीतों की बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। संचालन राजू भालराय एवं मोनिका नाइक ने किया।

कार्यक्रम में यातायात प्रबंधन पुलिस महानगर इंदौर की टीम द्वारा नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। संतोष कौल, सोनाली सोनी, विजयकांत शुक्ला, प्रकाश गागेले, भगवान सिंह सहित टीम के सदस्यों ने संदेशपूर्ण गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में सभी सुर साधकों को उपहार भेंटकर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

जनता के जननायक बने महू एसडीएम राकेश परमार

व्यवहार में जितने विनम्र, कार्रवाई में उतने ही सख्त

महू। महू एसडीएम राकेश परमार लगातार क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठा रहे हैं। जनहित में की जा रही इन सख्त कार्रवाइयों से आमजन संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग खुलकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और कह रहे हैं अधिकारी हो तो परमार सर जैसा।

एसडीएम राकेश परमार बीते समय से खनन, भू माफिया और राशन माफियाओं के खिलाफ निरंतर अभियान चला रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अवैध शराब ढोते हुए एक बोलेरो वाहन पकड़ा। इस कार्रवाई ने स्थानीय आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। वाहन पकड़ने के बाद एसडीएम ने मौके से ही आबकारी विभाग को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। एसडीएम की इस मुहिम की ग्रामीण अंचल में जमकर सराहना हुई और लोगों ने सोशल मीडिया पर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं।

किशनगंज और मानपुर में अवैध शराब की शिकायतें

महू में हुई कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने किशनगंज व मानपुर थाना क्षेत्रों की स्थिति को लेकर भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। ग्रामीणों का कहना है कि मानपुर क्षेत्र में लाइसेंसी दुकानदार अशोक सांवरा जाट की मानपुर क्रमांक 1 दुकान से अवैध रूप से गांव-गांव शराब ढोई जा रही है, जिस पर अब तक आबकारी विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसी तरह किशनगंज थाना क्षेत्र के मालवी नगर स्थित सोम ग्रुप की दुकान से भी दिन-रात आसपास के ढाबों और इलाकों में शराब सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। जबकि आबकारी विभाग का मुख्य कार्यालय भी इसी क्षेत्र में स्थित है, फिर भी कार्रवाई के नाम पर स्थिति शून्य बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वरिष्ठ अधिकारी इन क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि अवैध शराब व्यापार पर रोक लग सके।

अभिनेता एजाज़ खान ने गैंगस्टर सलमान लाला की मौत पर भड़काऊ बयान देने के लिए माफी मांगी

इंदौर – सितंबर माह में गैंगस्टर सलमान लाला की मौत के बाद भड़काऊ बयान उगलने वाले एक्टर एजाज़ खान पर क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज की थी। इसी मामले में वह शनिवार को क्राइम ब्रांच दफ्तर पहुंचा, जहां उसने अपनी “गलती” पर सिर झुकाते हुए माफी मांगी और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने को लेकर अफसोस जताया। एजाज़ ने इंस्टाग्राम पर ऐसा वीडियो पोस्ट किया था, जिसने दो समुदायों के बीच नफरत और वैमनस्य फैलाने की कोशिश की। उसके इंस्टाग्राम पर 56 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, और पुलिस एफआईआर के आधार पर उसकी इंस्टाग्राम आईडी बंद करवाने की तैयारी में थी। एजाज़ ने वीडियो में कहा था— “सलमान लाला तैराक था, उसका गुनाह गैंगस्टर होना नहीं, बल्कि मुसलमान होना था… इसलिए उसकी हत्या हुई।”

शनिवार शाम अभिनेता एजाज़ खान क्राइम ब्रांच में पेश हुआ, जहां पूछताछ के दौरान उसके बयान दर्ज किए गए और उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस दौरान एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने उसे कड़ी फटकार लगाई। दंडोतिया के मुताबिक, सलमान लाला की मौत के बाद सोशल मीडिया पर उससे जुड़ी भड़काऊ पोस्ट डालने पर एजाज़ खान निवासी मुंबई के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोपी को नोटिस भेजकर पेश होने के आदेश दिए गए थे। कार्रवाई शुरू होते ही एजाज़ का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें उसने खुद माना कि पुराना वीडियो गलत था और गलत जानकारी के आधार पर बनाया गया था। एजाज़ अपने वकील के साथ पेश होने आया था।

E-PAPER

0

अभिभाषक संघ महू में दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव सम्पन्न

0

महू। अभिभाषक संघ महू की वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन स्थानीय न्यायालय परिसर महू में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महू न्यायालय की प्रभारी अधिकारी डॉ. प्रीति श्रीवास्तव, प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय, विशेष आमंत्रित अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार, तथा महू विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं पूर्व मंत्री उषा ठाकुर उपस्थित रहीं। इसके साथ ही एसडीओपी महू-सिमरोल ललित सिकरवार सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। महोत्सव में न्यायालय के सभी न्यायाधीशगण, वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता, तथा महिला अधिवक्तागण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव अभिषेक जायसवाल द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता में कोषाध्यक्ष रजनीश राज कश्यप, सह सचिव मोहन चौधरी, महिला कार्यकारी सदस्य कांता श्रीवास्तव, युवा सदस्य योगेंद्र सिंह बघेल, एवं ग्रंथपाल वरिष्ठ अभिभाषक राजेंद्र प्रसाद चौधरी सहित समस्त पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा।संघ की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार अध्यक्ष भरत सिंह ठाकुर द्वारा व्यक्त किया गया।

E-PAPER

0

इंदौर जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, 10 प्रतिष्ठान सील

अग्नि सुरक्षा मानकों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी
संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की अपील

इंदौर: हाल ही में इंदौर जिले में हुई अग्नि दुर्घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन पूर्ण रूप से सजग और सतर्क है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिले में अग्नि सुरक्षा के मानकों की समीक्षा के लिए विशेष जांच अभियान प्रारंभ किया गया है।

अभियान के अंतर्गत जिले के सभी एसडीएम द्वारा विभिन्न औद्योगिक, व्यावसायिक और भंडारण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अग्नि सुरक्षा उपकरणों की अनुपलब्धता, अग्निशमन की तैयारी में कमी तथा अन्य अनियमितताएं पाई गईं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 कारखानों, गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील किया गया है।

आज राऊ क्षेत्र में एसडीएम गोपाल वर्मा के दल द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। फायर सेफ्टी से संबंधित मानक का उल्लंघन होने के अलावा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर कॉटन सीड ऑयल का उत्पादन करने वाली चार फैक्ट्रियों को सील किया गया। दल द्वारा राऊ क्षेत्र की हनुमान ऑयल मिल, श्याम ऑयल मिल, जय नेचुरल प्राइवेट लिमिटेड और घीया ऑयल प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड को मौके पर जांच उपरांत सील किया गया।

दल द्वारा ग्राम तेजपुर गड़बड़ी में चोइथराम स्कूल के पीछे अवैध रूप से भंडारित एसिड पर कार्रवाई करते हुए लगभग 45,000 लीटर एसिड की जब्ती की गई। साथ ही ग्राम पिगडंबर में अवैध रूप से संचालित एक प्लास्टिक फैक्ट्री को सील करने की कार्रवाई की गई तथा निर्धारित मानकों के अनुसार संचालन न होने से तीन ऑयल फैक्ट्रियों को भी सील किया गया।

इसी तरह जूनी इंदौर, सांवेर, मल्हारगंज, महू और बिचौली तहसील क्षेत्रों में भी एक-एक प्रतिष्ठान को सील किया गया।
जूनी इंदौर क्षेत्र में एसडीएम प्रदीप सोनी के दल द्वारा पालदा स्थित एसएम पेंट्स में अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर इकाई को सील किया गया।

सांवेर क्षेत्र में एसडीएम घनश्याम धनगर की टीम ने फायर सुरक्षा उपकरण न होने से डकाच्या क्षिप्रा स्थित अपोलो टायर के गोदाम को सील किया, जहां लगभग 40 हजार टायर बिना सुरक्षा मानकों का पालन किए रखे गए थे।

मल्हारगंज क्षेत्र में शांति नगर सेक्टर ई सांवेर रोड स्थित फेशियल नामक साबुन और क्रीम बनाने वाली रतन ऑर्गेनिक कंपनी पर एसडीएम निधि वर्मा और डीसी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि कंपनी द्वारा अग्नि सुरक्षा मानदंडों का पालन नहीं किया जा रहा था तथा यहां ज्वलनशील केमिकल एथेनॉल भी पाया गया। सुरक्षा मानदंडों का पालन न करने पर फैक्ट्री को मौके पर सील किया गया।

डॉ. अंबेडकर नगर महू क्षेत्र में एसडीएम राकेश परमार और उनकी टीम द्वारा जांच की कार्रवाई की गई। अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर ग्राम पिपलिया लोहार, तहसील महू स्थित कृष्णांगी एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड की इकाई को सील किया गया।

इसी प्रकार बिचौली क्षेत्र में केलौद करताल स्थित साँझ इंटरप्राइजेज द्वारा संचालित कमर्शियल एसिड तैयार करने की फैक्ट्री में अमानक स्थितियां पाए जाने पर एसडीएम अजय शुक्ला, तहसीलदार बलबीर राजपूत और दल द्वारा निरीक्षण कर कार्रवाई करते हुए यूनिट को सील किया गया। इस तरह आज की गई कार्रवाई में कुल 10 कारखाने और गोदाम सील किए गए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अग्नि सुरक्षा मानकों में लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर वर्मा ने सभी उद्योगपतियों और व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालकों से आग्रह किया है कि वे अपने संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच कराएं और सुरक्षा के सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करें।

बीट पुलिस आपकी सुरक्षा की कड़ी कार्यक्रम के तहत महू में नुक्कड़ मीटिंग आयोजित

1

महू। पुलिस अधीक्षक (जिला ग्रामीण) के निर्देशन में चलाए जा रहे बीट पुलिस आपकी सुरक्षा की कड़ी कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को कोतवाली चौक महू पर एक नुक्कड़ मीटिंग आयोजित की गई।

कार्यक्रम में नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों सहित आसपास की आम जनता ने भाग लिया। मीटिंग के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने लोगों को बीट पुलिस व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने क्षेत्र की बीट पुलिस से सीधे संपर्क में रहकर क्षेत्र की सुरक्षा में सहयोग कर सकता है।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि यदि बीट क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही बीट अधिकारियों द्वारा आगे भी इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने हेतु अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस मौके पर एसडीओपी महू ललित सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी महू राहुल शर्मा तथा थाना महू का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।