Home Blog Page 18

इंदौर में ग्रामीण हाट बाजार पर आरसेटी मार्ट का भव्य शुभारंभ

0

इंदौर। ग्रामीण स्व-रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) इंदौर द्वारा आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल “आरसेटी मार्ट” का शुभारंभ ग्रामीण हाट बाजार, इंदौर में किया गया। यह अभिनव पहल एसएलआरएम मध्यप्रदेश के सहयोग से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य आरसेटी प्रशिक्षुओं को स्थायी मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने प्रशिक्षण से तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुदीप दत्ता, अवर सचिव, ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के स्वागत से हुआ। तत्पश्चात सिद्धार्थ जैन, आईएएस, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, राजू एन. कोरी, महानिदेशक, एनएआर आरसेटी, बेंगलुरु, तथा सुरेंद्र शर्मा, उप क्षेत्रीय प्रमुख एवं सहायक महाप्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंदौर क्षेत्र का स्वागत संस्थान निदेशक राजेश्वर सिंह द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री दत्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “आरसेटी मार्ट प्रशिक्षुओं को न केवल रोजगार का अवसर देगा, बल्कि उन्हें बाजार की प्रतिस्पर्धा के अनुरूप अपने उत्पादों की गुणवत्ता, मूल्य निर्धारण एवं विपणन की समझ भी प्रदान करेगा।” उन्होंने सीईओ श्री जैन को स्थायी दुकान उपलब्ध कराने हेतु हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया और प्रशिक्षुओं को उत्पाद विपणन और दीर्घकालिक स्थिरता के लिए मार्गदर्शन भी दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ संकाय सदस्य श्रीमती रूपा कौशल द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यालय सहायक श्रीमती निशा वर्मा एवं अटेंडर श्री विकास राठौर सहित संस्थान का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

यह पहल न केवल प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास और बाजार से सीधा जुड़ाव स्थापित करने का भी मार्ग प्रशस्त करेगी

E-PAPER

0

राज्यसभा सांसद सुश्री कविता पाटीदार का जन्मदिन बालिका छात्रावास में मनाया

महू। ग्राम पंचायत गवली पलासिया के युवा सरपंच रवि पाटीदार ने बताया कि देश के सर्वोच्च सदन राज्यसभा की सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री डॉ. कविता पाटीदार का जन्मदिन स्वर्गीय भेरूलाल पाटीदार मंडल महूगांव द्वारा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस बालिका छात्रावास डोंगरगांव  नया महू में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छात्रावास प्रभारी की उपस्थिति में छात्राओं को कॉपी, पेन, बिस्कुट, मिठाई का वितरण किया गया। साथ ही छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण कर आम के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से महू विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि मोहन सिंह रघुवंशी, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाटीदार, ग्राम गवली पलासिया सरपंच रवि श्रीराम पाटीदार, कमल पाटीदार, महूगांव नगर पंचायत में सांसद प्रतिनिधि विजय कवीश्वर, किशोर चौधरी, शांतिलाल पाटीदार, राम पाटीदार, सचिन पाटीदार, बूथ अध्यक्ष गजेंद्र पाटीदार, पंच भगवान यादव, रवि पटेल आदि उपस्थित थे।

रोटरी क्लब ऑफ महू कैंट की नवीन कार्यकारिणी का शपथ विधि समारोह सम्पन्न

0

डॉक्टर राजेश कुमार पाटीदार अध्यक्ष और अंबर सोनी बने सचिव

महू। स्वतंत्रता दिवस के दिन रोटरी क्लब का महू कैंट के शपथ विधि का आयोजन शहर के एक निजी होटल में किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2025 – 26 रोटेरियन सुशील मल्होत्रा, शपथ अधिकारी के तौर पर इमीडिएट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनीश मलिक और विशेष अतिथि के तौर पर सुखदेव सिंह गुमान, वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. तेजस मेहता, आर्य महासभा के प्रकाश आर्य, राधेश्याम बियानी, राधेश्याम यादव, रामलाल प्रजापति, बाल महोत्सव समिति के अध्यक्ष सुरेश खंडेलवाल, कमलेश मिश्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरदार मालवीय, मृणाल पंत, महू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष मुकेश जरिया, एडवोकेट संजय शर्मा मामा, वरिष्ठ पत्रकार विजय खंडेलवाल, शैलेंद्र शुक्ला, रमेश जैन राही, शिल्पी शुक्ला, डॉ. अनुपम श्रीवास्तव, भारत के विख्यात इन्फ्लूएंसर वेदांत हजारी आदि ने शिरकत की।

सर्वप्रथम रोटरी के जन्मदाता सर पॉल हैरिस के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। पश्चात रोटरी क्लब ऑफ महू कैंट के सदस्य रोटेरियन अंकित सोनी द्वारा फोर वे टेस्ट का वाचन, रोटेरियन अमरदार उदासी द्वारा रोटरी ऑब्जेक्ट्स का वाचन किया गया। रोटेरियन डॉ. राजेश पाटीदार ने मुख्य अतिथि डीजी सुशील मल्होत्रा, रोटेरियन हिमांशु तिवारी ने रोटरी शपथ अधिकारी अनीश मलिक और रोटरी इमेज चेयर सुखदेव सिंह गुम्मन का परिचय प्रस्तुत किया।

महू कैंट के सदस्य महू जनपद अध्यक्ष रोटेरियन सरदार मालवीय, अंकित सोनी, विपुल चतुर्वेदी, मुकेश खंडेलवाल, राकेश कनोजिया, कन्हैया चौहान, देवेंद्र बॉथम, अनूप बॉथम एवं फुरकान कुरैशी ने अतिथियों का मोतियों की माला, पुष्पमाला व तिरंगा पट्टिका से स्वागत किया। शपथ अधिकारी अनीश मलिक ने रोटेरियन डॉ. राजेश पाटीदार एवं सचिव अंबर सोनी के साथ सभी नए डायरेक्टर पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। डीजी सुशील मल्होत्रा ने अपने उद्बोधन में भगवान राम, हनुमान का उदाहरण के साथ रोटरी की ग्लोबल ग्रांट ओर सेवा के नए आयाम के साथ ही मेंबर शिप ग्रोथ के विषय में अपने विचार रखे। पूर्व डीजी अनीश मलिक ने रोटरी इंटरनेशनल की सफलताओं के साथ में महू में रोटरी के नए कार्यों को करने एवं रोटरी का सदस्य होना अर्थात समाज को सेवा करने का अवसर मिलना ईश्वरीय कृपा बताया। सुखदेव सिंह गुमान ने अपने वक्तव्य में कार्यों के द्वारा रोटरी को कैसे लोगों तक पहुंचाया जाए, साथ ही बताया रोटरी का कार्य कैसे किया जाए। नवीन अध्यक्ष राजेश पाटीदार ने मेरी रोटरी, मेरे सपने के तहत उपस्थित सभी सदस्यों ओर उपस्थित जन को सरल शब्दों में रोटरी अर्थ का विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही रोटरी के भविष्य के कार्यों की योजना बताई। रोटरी क्लब महू कैंट में दो नए महिला सदस्यों डॉक्टर हेमलता पाटीदार और नेहा खत्री को डिस्ट्रिक्ट फर्स्ट लेडी रूबी मल्होत्रा एवं रोटेरियन किरण गुमान द्वारा नवीन सदस्यता पिन लगाई गई। आयोजन का संचालन कायद जौहर के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संयोजन शर्मा एवं विष्णु चौहान ने किया।

शुरू हुआ दतोदा- कनाड सड़क का मरम्मत कार्य

रंगीला प्रदेश की खबर पर लगी मोहर ,लोक निर्माण विभाग ने भेजी टीम

अमित उपाध्याय मो.न.7999794921

महू। बदहाल दतोदा-कनाड सड़क मार्ग का मरम्मत कार्य लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार के माध्यम से शुरू कर दिया है।इसके पहले समाजसेवियों ने कच्चा मुरम डालकर बड़े गड्ढे भरे ताकि राहगीरों को आने जाने में परेशानी न हो।हालांकि इस सड़क मार्ग के नवीनीकरण की मंजूरी भोपाल से हो गई है जिसके लिए टेंडर भी जारी हो चुके है,जल्दी ही टेंडर होकर सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो सकेगा।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार नवीन सड़क मार्ग के लिए 2 करोड़ 82 लाख रुपए मंजूर हुए है, जिसमें आबादी क्षेत्र तक 0.8 किलोमीटर सीसी रोड 18 फीट चौड़ाई का बनाया जाएगा जिसमें दोनों तरफ पानी निकासी का विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही बचे हुए 1.4 किलोमीटर का सड़क मार्ग 12.5 फीट चौड़ाई में डामरीकरण किया जाएगा और दोनों तरफ पटरियां भी भरी जाएंगी जिससे जल जमाव व अन्य समस्या का सामना न करना पड़े।अब देखना ये है कि वाकई में सड़क निर्माण होगा या भ्रष्टाचार की मिलावट की भेट चढ़ आम आदमी की टैक्स की कमाई से जेबें भरी जाएंगी।

E-PAPER

0

सब जेल देपालपुर में रक्षाबंधन पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधी राखी, बंदियों को दिलाई सद्‌गुणों की शपथ

देपालपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सब जेल देपालपुर में एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़ी बहनों ने जेल परिसर में बंदियों एवं स्टाफ को राखी बांधकर रक्षाबंधन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बहनों ने न केवल राखी बांधी, बल्कि बंदियों को नशा मुक्त जीवन अपनाने एवं अपराध से दूर रहने की प्रेरणा भी दी। उन्होंने सभी को नैतिक जीवन मूल्यों का पालन करते हुए समाज में पुनः सकारात्मक भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।.इस भावनात्मक आयोजन से जेल परिसर में एक आत्मीय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना। बहनों के प्रेरणादायी संदेशों ने बंदियों के मन को छू लिया और उनमें आत्मपरिवर्तन की भावना जागृत हुई। पूरे कार्यक्रम का संचालन सब जेल देपालपुर के उप अधीक्षक रामसाहय कुशवाह की निगरानी में किया गया। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से बंदियों के मनोबल में वृद्धि होती है और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की संभावना प्रबल होती है। जेल प्रशासन और ब्रह्माकुमारी संस्था के संयुक्त प्रयास से सम्पन्न यह आयोजन न सिर्फ एक धार्मिक परंपरा का निर्वहन था, बल्कि यह आत्मिक सशक्तिकरण और सामाजिक पुनर्वास की दिशा में एक प्रेरक पहल भी सिद्ध हुआ।

जल भराव और जातिगत टिप्पणी से त्रस्त ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय में दी शिकायत, सचिव पर लगाया अभद्र भाषा और भेदभाव का आरोप

देपालपुर। जनपद की ग्राम पंचायत जलोडियापंथ के अनुसूचित जाति (एससी-एसटी) मोहल्ले के रहवासी मंगलवार को भारी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और क्षेत्र में लंबे समय से हो रहे जलभराव, गंदगी तथा जनप्रतिनिधियों की लापरवाही को लेकर शिकायती आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच बलदेव पटेल और पंचायत सचिव भारत सोलंकी द्वारा न तो जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है, और न ही समय पर क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार शिकायत करने के बावजूद दोनों अधिकारी अपने कर्तव्यों से बचते रहे हैं, जिससे मोहल्ले में स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ते जा रहे हैं। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए ज़िला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन को निर्देशित किया कि वे मामले में तत्काल कार्यवाही करें। निर्देशों के पालन में ज़िला सीईओ ने जनपद पंचायत देपालपुर को दल गठित कर मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।

सचिव पर जातिसूचक गालियों का आरोप

शिकायत में ग्रामीणों ने यह भी गंभीर आरोप लगाए कि पंचायत सचिव भारत सोलंकी, जब भी किसी समस्या के लिए संपर्क किया जाता है, तो भद्दी-भद्दी टिप्पणियाँ करता है, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करता है, और गालियाँ देता है, जिससे क्षेत्रीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से माँग की है कि जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था की जाए और सचिव भारत सोलंकी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्यवाही की जाए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब प्रशासन की त्वरित कार्यवाही पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

वैदिक राखी निर्माण कार्यशाला में सर्व समाज की महिला प्रमुख हुई शामिल

महू। सर्व ब्राह्मण महिला मंडल द्वारा सर्व समाज के लिए वैदिक राखी बनाने की विधि सिखाने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्वत परिषद के अध्यक्ष पंडित कपिल शर्मा एवं अध्यक्षता सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित दिनेश शर्मा ने की। समाजसेवी शैलेन्द्र शुक्ल भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें सभी समाजों के प्रमुख महिला मंडलों की सक्रिय भागीदारी रही। पंडित कपिल शर्मा ने वैदिक राखी का महत्व, इसका इतिहास तथा इसे पहले किसे और क्यों बांधा गया, इसकी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नारी शक्ति वह कार्य कर सकती है जो देवता भी नहीं कर सकते, इसीलिए देवताओं ने भी नारी शक्ति की पूजा की है।

पंडित दिनेश शर्मा ने आयोजन के लिए सभी मातृशक्ति को बधाई दी। शैलेन्द्र शुक्ल ने राजा बलि और लक्ष्मी जी की कथा तथा द्रौपदी को भगवान कृष्ण द्वारा संकट से बचाने का प्रसंग सुनाया। कार्यक्रम में वैदिक राखी—चावल, सरसों, हल्दी और कपड़े से—बनाना सिखाया गया, जिसकी सभी सामग्री पंडित कपिल शर्मा द्वारा उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर विभिन्न समाजों एवं महिला मंडल प्रमुखों का सम्मान किया गया, जिनकी संख्या 30 थी। सभी को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम में समाज की अध्यक्ष स्वर्णा दुबे, स्वाति शर्मा, रमा शर्मा, सुचिता महर्षि, दीप पाठक, आरती शर्मा, शोभा व्यास, निर्मला शर्मा, रीता उपमन्यु, लक्ष्मी शर्मा सहित अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निशा शर्मा एवं स्मृति दुबे ने किया तथा अंत में आभार आरती शर्मा द्वारा व्यक्त किया गया।

E-PAPER

0