Homeखेलमहिला एवं पुरुष वर्ग में नैशनल फुटबॉल क्लब महू का शानदार प्रदर्शन,...

महिला एवं पुरुष वर्ग में नैशनल फुटबॉल क्लब महू का शानदार प्रदर्शन, दोनों वर्गों में फाइनल में प्रवेश

महू।मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन एवं इंदौर जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में स्वर्गीय भगवानदास शर्मा एवं प्रख्यात फुटबॉलर स्वर्गीय शंकरराव नवग्रहे (शंकर दादा) की स्मृति में आयोजित ऑल इंडिया महिला एवं राज्य स्तरीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। दोनों वर्गों में नैशनल फुटबॉल क्लब महू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई।

महिला वर्ग के सेमीफाइनल में नैशनल फुटबॉल क्लब महू का मुकाबला डीएफए रायसेन फुटबॉल क्लब रायसेन से हुआ। रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में नैशनल फुटबॉल क्लब महू ने 4-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में नैशनल फुटबॉल क्लब महू ने बी.यू फुटबॉल क्लब भोपाल के विरुद्ध आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 4-0 से एकतरफा जीत हासिल की और फाइनल में जगह पक्की की।

प्रतियोगिता संयोजकों नीरज शर्मा एवं अमित शुक्ला ने बताया कि ऑल इंडिया महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताबी फाइनल मुकाबला आज सोमवार शाम 6 बजे एमएस फुटबॉल एकेडमी बीकानेर (राजस्थान) एवं नैशनल फुटबॉल क्लब महू के बीच खेला जाएगा। वहीं राज्य स्तरीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज सोमवार शाम 7:30 बजे रात्रिकालीन दूधिया रोशनी में ए. यूनियन फुटबॉल क्लब नीमच एवं नैशनल फुटबॉल क्लब महू के बीच खेला जाएगा।

विजेता टीम को 51,000 रुपये नगद एवं आकर्षक ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 31,000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, डिफेंडर, मिडफील्डर एवं स्ट्राइकर को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular