Homeराजनीतिमहू में बूथ चलो - गांव चलो अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस...

महू में बूथ चलो – गांव चलो अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की कार्यशाला

महू। कांग्रेस पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से महू एवं हरसोला में बूथ चलो-गांव चलो अभियान के अंतर्गत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यशाला को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इंदौर की जनता ने 20 वर्षों की मेहनत से शहर को स्वच्छ बनाया, लेकिन कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा नेताओं ने उसे मिट्टी में मिला दिया।

प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को पंचायत स्तर तक मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में मिलने वाला परिणाम ही आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करेगा। इसी लक्ष्य को लेकर हर बूथ पर कमेटी गठित की जाएगी तथा बूथ अध्यक्ष आपसी सहमति से पंचायत प्रत्याशी तय करेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित अखिल भारतीय राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी उषा नायडू ने कहा कि बूथ स्तर पर बनाए गए बीएलए की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आगामी तीन वर्षों तक मतदाता सूची का गहन अध्ययन कर नए नाम जोड़ना और फर्जी नाम हटवाना ही कांग्रेस को मजबूत बनाएगा।

वरिष्ठ नेताओं की रही उपस्थिति

इस अवसर पर प्रदेश सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष योगेश यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, जोरा विधायक पंकज उपाध्याय, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, जिला पंचायत सदस्य कन्हैयालाल ठाकुर, रुक्मणी निनामा, रूमा भुरू भाई, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाशदत्त पांडे सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ, युवा एवं महिला कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। कार्यशाला में महू विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन दौलत पटेल एवं पप्पू खान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन युवक कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने माना।

RELATED ARTICLES

Most Popular