अंतरसिंह दरबार ढाई साल बाद धार्मिक आयोजन से फिर आए चर्चाओं में
महू। नगर और ग्रामीण अंचल में आस्था और श्रद्धा का माहौल 24 सितम्बर को चरम पर रहने वाला है, जब माँ जगदम्बा की चुनरी एवं कलश यात्रा का भव्य आयोजन होगा। यह यात्रा पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार द्वारा आयोजित की जा रही है, जो बुधवार सुबह 10 बजे महेश्वरी विद्यालय से प्रारंभ होकर सात रास्ता स्थित काली माता मंदिर तक पहुंचेगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है।

अंतरसिंह दरबार, जो महू से कांग्रेस के पूर्व विधायक रह चुके हैं, ने 2023 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। भाजपा में शामिल होने के बाद यह उनका पहला बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसने एक बार फिर विधानसभा स्तर पर उनकी सक्रियता और लोकप्रियता को चर्चा का विषय बना दिया है। ढाई साल बाद धार्मिक आयोजन के बहाने दरबार ने पुनः अपने समर्थकों को जोड़े रखने और नए राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिशें तेज कर दी हैं। जानकारी के अनुसार इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के जुड़ने की संभावना है। इसके लिए दरबार ने गांव-गांव बैठकों का आयोजन कर लोगों से बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया है।
यात्रा में कई गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी रहने वाली है। मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार एवं महू विधायक उषा ठाकुर उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा इंदौर विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष चिंतु वर्मा और विशाल पटेल भी शामिल होंगे।
महू विधानसभा में दरबार की पकड़ और सक्रियता इस आयोजन से एक बार फिर साफ झलक रही है। कांग्रेस में रहते हुए भी उनके साथ समर्थकों का मजबूत कारवां जुड़ा रहा, और भाजपा में आने के बाद भी उन्होंने अपनी राजनीतिक जमीन और जनाधार को बनाए रखा है। चुनरी यात्रा को न सिर्फ धार्मिक आयोजन माना जा रहा है, बल्कि इसे दरबार की आगे की रणनीति और सक्रिय राजनीति की ओर बढ़ते कदम के रूप में भी देखा जा रहा है।