रिपोर्टर.कुंदन करड़वाल
सांवेर। श्री वैष्णव इंस्टीट्यूट के कृषि संकाय के छात्र-छात्राओं ने मुकाता स्थित श्री कृष्ण नर्सरी का शैक्षणिक भ्रमण कर आधुनिक नर्सरी प्रबंधन एवं उन्नत कृषि तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह भ्रमण प्रो. डॉ. किशोर मुठाळ, डॉ. बाबासाहेब वाळुंजकर एवं डॉ. शीतल शिंदे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पौधों की ग्राफ्टिंग, कलम तैयार करना, कोकोपीट ट्रे में पौध तैयार करने की तकनीक, पौध संरक्षण एवं देखभाल की आधुनिक विधियों की जानकारी प्राप्त की। प्रो. डॉ. किशोर मुठाळ ने सहजन की फसल में लगने वाले प्रमुख कीटों एवं उनके प्रभावी नियंत्रण के वैज्ञानिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था द्वारा संचालित श्री कृष्ण नर्सरी के अध्यक्ष अजय शर्मा, उपाध्यक्ष गोरधन सिंह पंवार एवं सचिव नरेंद्र सिंह पंवार ने विद्यार्थियों को नर्सरी संचालन, पौध उत्पादन एवं गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।
इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने उन्नत कृषक हरिओम ठाकुर एवं गोपाल पंवार के खेतों का भ्रमण कर दुर्लभ औषधीय फसल अकरकरा की खेती, उत्पादन तकनीक एवं उसके व्यावसायिक महत्व की जानकारी हासिल की। नर्सरी में तैयार की जा रही आम एवं जामुन की थाई प्रजातियों ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से आकर्षित किया। सभी ने छोटे से ग्राम मुकाता में विकसित आधुनिक नर्सरी की सराहना करते हुए इसे कृषि शिक्षा, नवाचार और आत्मनिर्भर खेती की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।
