ठीकरी में कथित सट्टा-जुआ कारोबार पर उठे गंभीर सवाल, पुलिस व्यवस्था कठघरे में
रंगीला प्रदेश। जीवन डोडिया 9926084685
बड़वानी। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार अवैध गतिविधियों, नशे के कारोबार और अपराध पर सख्ती के लगातार दावे कर रही है। दूसरी ओर बड़वानी जिले के ठीकरी नगर से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि ठीकरी के पुराने बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय के सामने एक दो मंजिला मकान के तलघर में लंबे समय से खुलेआम अवैध सट्टा और जुए का कारोबार संचालित हो रहा है।
बताया जा रहा है कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और यह वीडियो प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना, इंदौर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तथा बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी महेश सुनैया तक भी पहुंच चुका है। वीडियो में कथित रूप से बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और अवैध गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद यदि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, तो यह कई गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा अवैध कारोबार थाना प्रभारी ठीकरी नाथु सिंह रणदा की कथित मिलीभगत से संचालित हो रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि वायरल वीडियो वास्तव में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच चुका है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या वीडियो की जांच की गई? क्या संबंधित थाना प्रभारी से जवाब-तलब किया गया? क्या अवैध कारोबार पर छापामार कार्रवाई हुई? यदि नहीं, तो आखिर इसकी वजह क्या है? मामला केवल एक थाना क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरी पुलिस व्यवस्था की जवाबदेही का है। जब सरकार अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति की बात करती है, तब इस तरह के आरोप कानून व्यवस्था की साख पर सीधा सवाल खड़ा करते हैं।
ये भी देखे
