कोदरिया। क्षेत्र में पहली बार आयोजित संस्कार शिविर एवं समर कैंप की शुरुआत सोमवार 4 मई से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। यह शिविर 20 मई तक आयोजित किया जाएगा।
शिविर के पहले दिन बच्चों को संस्कार, स्वास्थ्य और अनुशासन की शिक्षा दी गई। इसके साथ ही ज्ञानवर्धक कहानियां, मंत्रोच्चार और रोचक खेलों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास करने का प्रयास किया गया।
यह आयोजन श्री एकेडमी कोदरिया में किया जा रहा है। शिविर के साथ ही समर कैंप की भी शुरुआत हुई है, जिसमें विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियां शामिल की गई हैं। खेल गतिविधियों में बेसबॉल, कुश्ती, कबड्डी, स्केटिंग और कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं शैक्षणिक व रचनात्मक गतिविधियों में अबेकस, वैदिक गणित, कैलीग्राफी, ड्राइंग, डांस और स्पोकन इंग्लिश का प्रशिक्षण भी शामिल है।

स्कूल डायरेक्टर राजेश पटीदार के अनुसार इस शिविर और समर कैंप में महू व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी भाग ले सकते हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए निर्धारित शुल्क पर स्कूल वाहन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।

संस्कार शिविर एवं समर कैंप का शुभारंभ श्री एकेडमी के डायरेक्टर डॉ. राजेश कुमार पाटीदार, खेल शिक्षक सुदर्शन पाटीदार, सोहम भावसार, कराटे कोच शुभम खरे, आर्ट एवं ड्राइंग शिक्षक अजय यादव, नृत्य शिक्षिका पूजा अमेरिया तथा अबेकस व वैदिक मैथ्स ट्रेनर निकिता कौशल द्वारा किया गया। इस पूरे शिविर का संचालन श्री एकेडमी की प्राचार्या डॉ. हेमलता पाटीदार के निर्देशन में किया जा रहा है।
