Homeमनोरंजनमहूरक्षा बंधन कल, फूडकोर्ट और कपड़ा बाजार में उमड़ी रही भीड़

रक्षा बंधन कल, फूडकोर्ट और कपड़ा बाजार में उमड़ी रही भीड़

फूडकोर्ट में बहनों ने सुकून से की खरीदारी, ग्राहकी से दुकानदार भी खुश

महू। पहली बार महू में रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्य बाजार से अलग कोर्ट रोड स्थित फूडकोर्ट में राखी मेला के तहत करीब 100 दुकानें लगाई गई हैं। बुधवार को सुबह से देर रात तक यहां राखियों की जमकर खरीदारी हुई। दूसरी ओर शहर के कपड़ा बाजार में भी ग्राहकों की भारी भीड़ नजर आई। हालांकि, दोनों स्थानों पर खरीदारी के माहौल में स्पष्ट अंतर दिखाई दिया। फूडकोर्ट के खुले और व्यवस्थित बाजार में जहां बहनों ने सुकून के साथ खरीदारी की, वहीं कपड़ा बाजार की तंग गलियों में भीड़भाड़ के बीच लोगों को खरीदारी करनी पड़ी। एक तरह से जो व्यापारी कल तक फूडकोर्ट में कैंट बोर्ड द्वारा लगाए गए राखी बाजार को तुगलकी फरमान बता रहे थे, बुधवार को वही व्यापारी इस बाजार की तारीफ करते नजर आए। कई व्यापारियों ने इसे महू के हित में बेहतर पहल बताया।

कैंट बोर्ड ने सजावट पर किया खर्च
महू के फूडकोर्ट में राखी बाजार लगाने के लिए महू कैंट बोर्ड ने यहां सजावट पर अच्छा-खासा खर्च किया है। फैंसी डेकोरेशन, विद्युत लड़ियों के साथ प्रवेश द्वार को भी आकर्षक रूप दिया गया है। यहां राखी की दुकानों के साथ हस्तकला से निर्मित वस्त्र, मिठाइयां, डेकोरेशन सामग्री और खान-पान की दुकानें भी लगाई गई हैं। खास बात यह है कि इस सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्थान पर दुकान लगाने वाले व्यापारियों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया है। उन्हें मेला अवधि तक आरसीसी से निर्मित दुकानें निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं।

जायकों का लुत्फ उठाने के साथ खरीदारी

बुधवार को फूडकोर्ट में हजारों लोग परिवार के साथ पहुंचे। बहनों ने अपनी पसंद की राखियां खरीदीं, वहीं परिवार के अन्य सदस्यों ने खरीदारी के साथ यहां उपलब्ध विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद लिया। इस बार फूडकोर्ट के राखी बाजार में राखियों की कई आकर्षक वैरायटियां देखने को मिलीं। इनमें स्टाइलिश मेटल, स्टोन और ब्रेसलेट के रूप वाली राखियां, बुरी नजर से बचाने वाली ईविल आई तथा आधुनिक कैमरा डिजाइन वाली राखियां शामिल हैं। इसके अलावा मीनाकारी और कुंदन राखी, भगवान गणेश, कृष्ण, रुद्राक्ष, ओम और स्वास्तिक के प्रतीकों वाली राखियां भी बहनों को पसंद आ रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून और लाइटिंग वाली राखियों में सुपरहीरो, स्पाइडरमैन, डोरेमोन तथा रंग-बिरंगी रोशनी वाली राखियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वहीं, हस्तकला से निर्मित इको-फ्रेंडली राखियों को भी बहनों द्वारा पसंद किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular