महू। मानसून में पातालपानी-कालाकुंड की हसीन वादियों को करीब से देखने का मौका मिला तो शनिवार को सैकड़ों सैलानी हेरिटेज ट्रेन में सवार हो गए। किसी ने परिवार के साथ इस सफर को यादगार बनाया तो कोई पहाड़ों, झरनों और हरियाली के बीच गुजरती ट्रेन के नजारे कैमरे में कैद करता नजर आया। प्रदेश की एकमात्र हेरिटेज ट्रेन के शुरू होते ही पहले दिन सैलानियों में ऐसा उत्साह दिखा कि पूरी ट्रेन खचाखच भरी रही। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, देवास, राजस्थान और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे पर्यटकों के लिए यह सिर्फ ट्रेन का सफर नहीं, बल्कि मानसून में प्रकृति के बीच बिताया गया पूरा दिन रहा।
शनिवार सुबह 11.05 बजे पातालपानी से ट्रेन कालाकुंड के लिए रवाना हुई। धीमी रफ्तार में पहाड़ी मोड़ों और हरियाली के बीच आगे बढ़ती ट्रेन के साथ सैलानी लगातार फोटो और वीडियो बनाते रहे। दोपहर 1.05 बजे कालाकुंड पहुंचने के बाद सैलानियों ने आसपास की प्राकृतिक वादियों में समय बिताया। करीब ढाई घंटे बाद 3.34 बजे ट्रेन वापस पातालपानी के लिए रवाना हुई और शाम 4.30 बजे पहुंची।

20 सितंबर तक बुकिंग फुल, सैलानियों में जबरदस्त क्रेज
हेरिटेज ट्रेन के प्रति सैलानियों की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आगामी 20 सितंबर तक सीटों की बुकिंग फुल हो चुकी है। एसी चेयर कार की 120 और नॉन एसी चेयर कार की 336 सीटें बुक हैं। कई सैलानियों ने आने-जाने दोनों ओर के टिकट पहले से बुक कर रखे हैं। एसी चेयर कार का एक तरफ का किराया 265 रुपए और नॉन एसी चेयर कार का किराया 20 रुपए है। फिलहाल ट्रेन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित की जा रही है।
साढ़े छह घंटे में सफर, प्रकृति और पिकनिक का आनंद
सैलानियों के लिए इस सफर की सबसे खास बात ट्रेन की धीमी रफ्तार है। इसी वजह से पहाड़, घाटियां, घुमावदार ट्रैक और मानसून की हरियाली को निहारने का पूरा समय मिलता है। पातालपानी और कालाकुंड में ट्रेन के रुकने के दौरान परिवारों ने आसपास घूमकर फोटो खिंचवाए और पिकनिक का आनंद लिया। कई सैलानी बच्चों के साथ पहुंचे थे, जिनके लिए ट्रेन की यात्रा किसी रोमांचक अनुभव से कम नहीं रही।

दूर-दूर से पहुंचे पर्यटक
हेरिटेज ट्रेन में शनिवार को सिर्फ इंदौर और आसपास के ही नहीं, बल्कि ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन, देवास, राजस्थान और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से भी सैलानी पहुंचे। बेंगलुरु से इंदौर घूमने आया एक परिवार भी हेरिटेज ट्रेन के सफर का हिस्सा बना। दूर-दराज से आए पर्यटकों ने पातालपानी-कालाकुंड की वादियों को नजदीक से देखा और अपने सफर की यादें कैमरे में कैद कीं।
शुक्रवार शाम टिकट बुक किया, शनिवार को परिवार के साथ पहुंच गए

उत्तर प्रदेश से परिवार आया हुआ था। हम कहीं घूमने का प्लान बना रहे थे। इसी बीच हेरिटेज ट्रेन के शनिवार से शुरू होने की जानकारी मिली। शुक्रवार शाम 4 बजे टिकट बुक किया और शनिवार को परिवार के साथ सफर पर आ गए। ट्रेन का सफर यादगार रहेगा। रास्ते में कई बेहद मिलनसार यात्री भी मिले।
पिछले साल टिकट नहीं मिला, इस बार मौका नहीं छोड़ा

बुकिंग शुरू होते ही हमने टिकट बुक कर लिए थे। मैं और मेरा परिवार पहली बार इस ट्रेन में सफर कर रहे हैं। पिछले साल भी हेरिटेज ट्रेन में सफर करने का प्रयास किया था, लेकिन टिकट नहीं मिल पाए थे। इस बार हसीन वादियों के बीच सफर करने का मौका मिला। परिवार के साथ बिताया यह समय हमेशा याद रहेगा।
सोशल मीडिया से मिली जानकारी, तुरंत बुक कर ली सीट

मुझे सोशल मीडिया के माध्यम से हेरिटेज ट्रेन के शुरू होने की जानकारी मिली। मुझे घूमना पसंद है, इसलिए मैंने ऑनलाइन सीट बुक की। पहली बार हेरिटेज ट्रेन में सफर किया। पातालपानी और कालाकुंड की हसीन वादियों को ट्रेन से देखने का अनुभव बेहद खूबसूरत रहा।
