महू। 15 अगस्त को शुष्क दिवस के दौरान महू आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विक्रय एवं संग्रह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.75 लाख रुपए कीमत की 598.8 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेशानुसार एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में, कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल एवं सहायकआयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में की गई।
आबकारी अमले को महू क्षेत्र में अवैध शराब के संग्रह एवं बिक्री की जानकारी मिलने के बाद टीम ने शांति पैराडाइज कॉलोनी स्थित एक रिहायशी मकान पर दबिश दी। यहां से दीपक राठौर के कब्जे से अवैध शराब बरामद की गई। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर टीम ने क्षेत्र के एक ढाबे पर भी दबिश दी, जहां से भी अवैध शराब बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने कुल 598.8 बल्क लीटर शराब जब्त की। इसमें देशी शराब की 12 पेटी, बीयर की 36 पेटी तथा अंग्रेजी स्पिरिट की 14 पेटी शामिल हैं। विभाग के अनुसार जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपए है।
आबकारी विभाग ने आरोपी की पहचान दीपक पिता घनश्याम राठौर, निवासी बड़वानी, हाल मुकाम महू के रूप में की है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण आबकारी वृत्त महू ‘अ’ में दर्ज किया गया है। प्रकरण का पंजीयन आबकारी वृत्त महू ‘अ’ प्रभारी हरेंद्र सिंह घुरैया द्वारा किया गया।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी गणपत सिंह धुन्ध, पवन टिकेकर एवं निधि शर्मा शामिल रहे। वहीं मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश राठौर, आरक्षक कमलेश निहोरे, रीना भिड़े, हेमलता धुर्वे एवं विवेक कराड़े ने भी कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाई।
