Homeदेपालपुरदेपालपुर थाने में मजबूत फील्ड सब इंस्पेक्टर की कमी, स्थानांतरण के बाद...

देपालपुर थाने में मजबूत फील्ड सब इंस्पेक्टर की कमी, स्थानांतरण के बाद बढ़ा थाना प्रभारी पर कार्यभार

संदीप सेन – 9755161156

देपालपुर। इंदौर ग्रामीण पुलिस के देपालपुर थाने में सब इंस्पेक्टर स्तर पर फील्ड अनुभव वाले अधिकारी की कमी महसूस की जा रही है। हाल ही में देपालपुर थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह संगर का स्थानांतरण चंद्रावतीगंज थाना कर दिया गया है। उनके स्थानांतरण के बाद थाना प्रभारी पर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, विवेचना एवं अन्य फील्ड कार्यों का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।

इसी क्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) कार्यालय, देपालपुर में पदस्थ रहे सब इंस्पेक्टर तुकाराम वर्मा का स्थानांतरण पुलिस थाना देपालपुर कर दिया गया है। तुकाराम वर्मा को कार्यालयीन कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में दक्ष अधिकारी माना जाता है, लेकिन पुलिस महकमे में यह चर्चा है कि देपालपुर जैसे संवेदनशील थाना क्षेत्र के लिए एक अनुभवी एवं फील्ड में सक्रिय सब इंस्पेक्टर की आवश्यकता बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, स्थानांतरित सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह संगर जल्द ही इंदौर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेंद्र वर्मा से मुलाकात कर अपने स्थानांतरण आदेश में संशोधन का अनुरोध कर सकते हैं। चर्चा है कि वे चंद्रावतीगंज के स्थान पर किशनगंज थाना में पदस्थापना की मांग करेंगे।

स्थानीय स्तर पर यह भी माना जा रहा है कि यदि देपालपुर थाने में फील्ड अनुभव वाले सब इंस्पेक्टर की शीघ्र तैनाती नहीं होती है, तो थाना प्रभारी पर बढ़ते कार्यभार का असर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था के संचालन पर पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular