महू। इस वर्ष होली का पर्व धार्मिक संयोग के चलते विशेष रहा। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण होने के कारण धुलेंडी पर्व एक दिन आगे बढ़ा दिया गया, जिसके चलते 4 मार्च को रंगोत्सव मनाया जाएगा। वहीं 2 मार्च की देर शाम पूरे अंचल में पारंपरिक विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ। मंदिरों और प्रमुख चौराहों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

3 मार्च को महू शहर में गोपाल मंदिर से फाग यात्रा निकाली गई। यात्रा में श्रद्धालु ढोल-मांदल की थाप पर फाग गीत गाते हुए शामिल हुए। हालांकि धुलेंडी एक दिन आगे बढ़ने के कारण अपेक्षाकृत भीड़ कम रही, फिर भी रंग-गुलाल और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः प्रारंभ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। जगह-जगह नागरिकों ने रंग गुलाल उड़ाकर यात्रा का स्वागत किया।

आज हर्षोल्लास से मनेगा धुलेंडी पर्व
4 मार्च को जिले भर में धुलेंडी का पर्व पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में सुबह से ही रंग-गुलाल का दौर शुरू होगा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी पारंपरिक गीतों और संगीत के साथ एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई देंगे। बाजारों में पिचकारी, गुलाल और मिठाइयों की दुकानों पर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सामाजिक संगठनों द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर सामूहिक रंगोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन का माकूल इंतजाम

होली और धुलेंडी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। 3 मार्च को निकली फाग यात्रा के दौरान थाना प्रभारी राहुल शर्मा सहित पुलिस बल पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और तंग गलियों में लगातार गश्त की गई। धुलेंडी के दिन भी विशेष चौकसी बरकरार रहेगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और संयम के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।
