महू। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड महू, जिला इंदौर में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू जातियों के सर्वे कार्य को लेकर समाज के वरिष्ठ जनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वे की प्रक्रिया, उद्देश्य और क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता परिषद के शासी निकाय सदस्य विनोद मोहिने ने की। इस अवसर पर जोरावर सिंह, जगन नायक, मोहनलाल पटेल, जिला समन्वयक रुतुजा पहाड़े, विकासखंड समन्वयक आरती बर्वे सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने सर्वे कार्य को गंभीरता से लेते हुए सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया।
बैठक में ऑफलाइन एवं ऑनलाइन सर्वे फार्म भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि विकासखंड क्षेत्र में जहां-जहां विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू समाज के परिवार निवासरत हैं, उन्हें चिन्हित कर शत-प्रतिशत सर्वे पूर्ण किया जाना आवश्यक है। इसके लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं और समाज प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी तय करने पर भी विचार किया गया।
अध्यक्ष मोहिने ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचे, इसके लिए सटीक, पारदर्शी एवं पूर्ण सर्वे अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थित जनों से समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सर्वे कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
