Homeइंदौर संभागशांति धाम कॉलोनी में फटा सैन्य बम, दो युवक घायल

शांति धाम कॉलोनी में फटा सैन्य बम, दो युवक घायल

महू। किशनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चिनार पार्क के पीछे स्थित शांति धाम कॉलोनी फेस-3 में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सैन्य बम फटने से दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए महू के मध्यभारत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

बताया जा रहा है कि शांति धाम कॉलोनी से सटी सेना की हेमा फायरिंग रेंज है। आशंका जताई जा रही है कि वहीं से किसी तरह यह विस्फोटक कॉलोनी क्षेत्र में पहुंच गया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, शांति धाम निवासी सोलंकी परिवार में गमी का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने धार निवासी कमलेश सोलंकी (21) और सोहन सोलंकी (30) भी आए हुए थे। दोनों युवक कार्यक्रम के दौरान पास के खुले मैदान की ओर जा रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट में दोनों के पैर और जांघ में छर्रे लगने से वे घायल हो गए।

एएसपी रूपेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सैन्य अभ्यास में उपयोग होने वाला बम कॉलोनी क्षेत्र में कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार लोग कबाड़ (स्क्रैप) के लालच में प्रतिबंधित फायरिंग रेंज में चले जाते हैं और वहां पड़े विस्फोटकों से छेड़छाड़ कर बैठते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं होती हैं। पूर्व में भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल दोनों युवक खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे फायरिंग रेंज जैसे प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular