महू। हनीट्रैप कांड के खुलासे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए रेम्बो फार्म एंड रिसोर्ट को सील कर दिया है। शुक्रवार को एसडीएम राकेश परमार ने नायब तहसीलदार राधा वल्लभ धाकड़, क्षेत्रीय पटवारी और आरआई के साथ मौके पर पहुंचकर रिसोर्ट का निरीक्षण किया और कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
उल्लेखनीय है कि पठानकोट में पदस्थ सेना के एक रिटायर्ड अधिकारी, जो एमसीटी क्वार्टर निवासी हैं, के साथ रेम्बो फार्म हाउस एवं रिसोर्ट में हनीट्रैप की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला भावना, साधना गुप्ता और विजय तिलवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

निरीक्षण के बाद एसडीएम द्वारा कार्रवाई संबंधी प्रतिवेदन बडगोंदा पुलिस को सौंपा गया। जांच में यह सामने आया कि रिसोर्ट संचालक द्वारा आने वाले व्यक्तियों की विधिवत एंट्री नहीं की जा रही थी और आवश्यक जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। इस पर बड़गोंदा पुलिस ने रिसोर्ट संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
