महू/मानपुर। इंदौर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन, मोबाइल और वाहन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में मानपुर टीआई महेंद्र मकाश्रे की टीम द्वारा की गई।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
26 मार्च को मानपुर पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के आधार पर लेबड़-मानपुर फोरलेन स्थित तुलसी चिनार ग्रीन पार्क कॉलोनी के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
छोटी उम्र में तस्करी का बड़ा कांड
मानपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गए आरोपियों में शिवम पिता देवेंद्र सिंह तोमर, 25 वर्ष, निवासी ग्राम बुआ का पुरा, थाना अम्बा, जिला मुरैना, कार्तिक पिता भोलाराम (बलाई), 20 वर्ष, निवासी नयापुरा, अलीवासा पालिया रोड, थाना बाणगंगा इंदौर, राजू पिता ज्ञानसिंह छाबड़ा, 20 वर्ष, निवासी ग्राम बारिया, गांधवानी जिला धार, भगतसिंह पिता प्रकाश सिंह डांगी, 20 वर्ष, निवासी तेजाबाप जी मंदिर के पास, अमझेरा, हाल मुकाम बारिया, गांधवानी, जिला धार को पकड़ा गया।
जिंदा कारतूस सहित 10 पिस्टल जब्त
पुलिस ने चारो आरोपियों के कब्जे से 10 देसी पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस, 13 खाली मैगजीन, 5 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल, 1 पिट्ठू बैग बरामद किया। जिसकी अनुमानीत कीमत लगभग 4 लाख 23 हजार 500 रुपए के करीब है। पुलिस पड़ताल में पता चला की आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, इसमें शिवम तोमर पर ग्वालियर व हरियाणा में पहले से केस दर्ज हैं, कार्तिक पर इंदौर में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज है।
दर्ज हुआ मामला
इस मामले में मानपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 111(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे, उपनिरीक्षक गजासिंह पटेल, सउनि. निलेश यादव, आरक्षक सुशांत, कमल कैथवास, सहित अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
