रिपोर्टर: आकश राठौर
महू। बड़गोंदा एवं किशनगंज पुलिस ने जुए के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरल डेम के समीप ग्राम रामपुरिया में संचालित लाखों रुपये के जुए के फड़ पर दबिश देकर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल, वाहन एवं अन्य सामग्री सहित कुल 28 लाख 80 हजार 310 रुपये का मश्रुका जब्त किया है।
एसडीओपी ललित सिकरवार ने बताया कि 8 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम रामपुरिया स्थित चोरल डेम के पास खुले खेत में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बड़गोंदा पुलिस ने किशनगंज थाना प्रभारी अमित भाभोर को साथ लेकर विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। खेत की घेराबंदी कर पुलिस ने 15 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में उस्मान शाह, वहीद खान, घनश्याम चौहान, प्रेमचंद उर्फ बंटी शर्मा, अकरबर शाह, देवेन्द्र सोलंकी, मुरली गिनावा, मोहम्मद सलमान, विशाल पटेल, मोहित शर्मा, जफर खान, राज यादव, अजहर शेख, मनीष सोनी एवं प्रशांत उर्फ पिंटू इश्वरे शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी इंदौर, उज्जैन, देवास तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। बड़गोंदा पुलिस आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश करेंगी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी राहुल कदम निवासी सुतारखेड़ी, महेश गिनावा निवासी रामपुरिया, चन्द्रप्रकाश केथवास निवासी कोदरिया तथा कुछ अन्य आरोपी खेत और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
नगदी, मोबाइल, कारें और एयर गन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए में उपयोग की जा रही सामग्री जब्त की है, जिसमें 52 पत्तों की दो खुली गड्डियां, दो सीलबंद ताश की गड्डियां, 1 लाख 76 हजार 260 रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन, दो एयर गन, चार कारें, तीन दोपहिया वाहन शामिल हैं। जब्त वाहनों में डिजायर, बलेनो, अर्टिगा कारों के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एवं एक्सेस स्कूटी भी शामिल है। कुल जब्त मश्रुका 28 लाख 80 हजार 310 रुपये आंका गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 49, 112(2) बीएनएस एवं जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई में एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बड़गोंदा प्रकाश वास्कले, थाना प्रभारी किशनगंज अमित भाभोर, उपनिरीक्षक मिथुन औसारी, महेश वर्मा, जगदीश भाभर, राकेश, साइबर सेल एवं महू-किशनगंज पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
