महू। किशनगंज थाना क्षेत्र में शहर के एक बड़े अस्पताल संचालक के बेटे को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी भरा फोन आते ही परिवार और अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया, वहीं छोटे शहर महू में इस घटना ने व्यापार जगत में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
जिला ग्रामीण पुलिस के अनुसार, कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए पांच करोड़ रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। धमकी भरी कॉल के बाद परिवार ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाले जा रहे हैं तथा तकनीकी टीम को सक्रिय कर संदिग्ध नंबर की ट्रेसिंग की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अस्पताल संचालक और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा आसपास सादी वर्दी में भी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कॉल वास्तव में किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर किसी शरारती तत्व ने गैंग के नाम का दुरुपयोग कर भय का माहौल बनाने की कोशिश की है। साइबर और क्राइम ब्रांच की टीम भी समन्वय में काम कर रही है।
इधर, पीड़ित परिवार ने मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है। हालांकि, महू जैसे शांत और अपेक्षाकृत छोटे शहर में कुख्यात गैंगस्टर के नाम पर रंगदारी मांगने की घटना ने व्यापारियों, डॉक्टरों और उद्योग जगत में चिंता बढ़ा दी है। शहर में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों तक जल्द पहुंचने के लिए हर संभावित तकनीकी और स्थानीय इनपुट पर काम किया जा रहा है तथा दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
