महू। शहर में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद का पर्व 21 मार्च को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर काजी मो. जाबिर साहब ने जानकारी देते हुए बताया कि ईदगाह पर सुबह 8ः45 बजे ईद की मुख्य नमाज अदा की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे।
ईद के पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। शुक्रवार शाम चांद दिखाई देने के बाद मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी, वहीं कई स्थानों पर आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया।
ईद के मद्देनजर बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है। लोग नए कपड़े, सेवइयां और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी में जुटे हुए हैं। वहीं प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। शहर काजी मो. जाबिर साहब ने सभी लोगों से ईद को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।
