रंगीला प्रदेश महू। उमंग उत्साह और उल्लास से भरा रंगों का महापर्व होली सोमवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर और अंचल में सो से भी अधिक स्थानों पर रात्रि एवं मध्य रात्रि में होलिका दहन होगा। इसके पूर्व महिलाओं द्वारा होलिका पूजन कर सुख समृद्धि की कामनाएं की जाएगी। वही मंगलवार तीन मार्च को होली (धुलेंडी) पर्व के साथ रंगों की होली शहर से लेकर गांव तक विभिन्न किस्मों के रंग गुलालों से खेली जाएगी। हालांकि कुछ लोग चंद्र ग्रहण के चलते बुधवार यानी 4 मार्च को धुलेंडी मनाएंगे।
हर्षोल्लास से मनेगा होली पर्व
होली का अपना अलग ही महत्व है। इस मौके पर विभिन्न धार्मिक व सामाजिक सांस्कृतिक आयोजनों के साथ ही होलिका पूजन एवं दहन के बीच व बाद में नाथूराम की बारात, फाग मस्ती करती टोलियां व गैर के बीच भांग – ठंडाई के शौकीनों की खुमारी रंगों के इस त्यौहार का रंग पूरी तरह सतरंगी कर देती है।
हर तरफ छाया होली का माहौल
होली पर्व को लेकर बाजार सज चुके है। बडो से लेकर बच्चे तक विभिन्न प्रकार की पिचकारी, बैलून सहित रंग गुलाल की खरीदी अपने बजट के अनुरूप कर रहे है। रविवार को बाजारो में अच्छी ग्राहकी देखने को मिली। हालाकि सोमवार को और अधिक ग्राहकी का जोर बाजारों में देखते को मिलेगा। बदलते समय के साथ महंगाई की मार भी रंग गुलालो से लेकर फव्वारेदार पिचकारियों पर पड़ी है। इधर घरों में पर्व को लेकर पकवानों को तैयार करने का दौर भी शुरू हो गया। वहीं अधिकांश नौकरीपेशा लोगों ने बाजारों से नमकीन व अन्य खाद्य पदार्थों की जमकर खरीदारी की है।
गोपाल मंदिर से निकलेगी फाग यात्रा
महू में मंगलवार को धुलेंडी के मौके पर शहर के सांधी स्ट्रीट स्थित गोपाल मंदिर से भव्य फाग यात्रा निकाली जाएगी। फाग यात्रा सुबह 9.30 बजे गोपाल मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा में आदिवासियों की नृत्य करती टोलिया, लाइव भजन, रंगों की पिचकारी आकर्षण का केन्द्र रहेगा। चंद्र ग्रहण के चलते इस बार गोपाल जी यात्रा में शामिल नहीं होंगे। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए पुनः गोपाल मंदिर पहुंचेगी।
महू थाने पर शांति समिति की बैठक सम्पन्न
रमजान और होली पर्व के मध्यनजर महू पुलिस प्रशासन ने शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में मुख्य रूप से एसडीएम राकेश परमार, एसडीओपी ललीत सिकरवार, नायब तहसीलदार राधा वल्लभ धाकड़, थाना प्रभारी राहुल शर्मा सहित शहर के जनप्रतिनिधि व सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक को एसडीएम राकेश परमार एवं एसडीओपी सिकरवार ने संबोधित करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने की बात कही।
