महू। महू विकासखंड के मानपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सागवान की अवैध लकड़ी के परिवहन का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई मे एक पिकअप वाहन से सागवान की लकड़ी बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन के माध्यम से सागवान की कीमती लकड़ी का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है, जो महू से केलौदा मार्ग होते हुए पीथमपुर की ओर जा रहा था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने बताए गए स्थान पर नाकेबंदी की।
नाकेबंदी के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 09 एएम 0758 को रोककर जांच की गई, जहां वाहन मे सागवान की लकड़ी पाई गई। मौके से चार आरोपियों को हिरासत मे लिया गया। साथ ही लकड़ी काटने के उपकरण भी जब्त किए गए है। वन विभाग द्वारा आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र मे लंबे समय से चल रही अवैध लकड़ी तस्करी और महू वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े हो गए है।
