महू। पहाड़ी अंचल की ग्राम पंचायत पिपलिया में विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर सघन दौरा किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर के निर्देश पर पेयजल संकट को देखते हुए तत्काल बोरिंग स्वीकृत कराई गई। बोरिंग में पर्याप्त पानी निकलने के बाद पीएचई विभाग द्वारा मोटर डालकर टैंकर के माध्यम से गांव में जल वितरण करने का निर्णय लिया गया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष महेश यादव ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई के लिए छोटे स्टाफ डेम, बड़े तालाब निर्माण तथा कृषि कार्य हेतु बिजली समस्या के समाधान पर विशेष चर्चा की गई। विद्युत विभाग द्वारा जहां लाइन संबंधी समस्या है, वहां तत्काल सर्वे कराया गया तथा किसानों की सुविधा के लिए 100 एचपी की डीपी स्वीकृत की गई।
साथ ही बड़े तालाब निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार कर भोपाल भेजा गया है, ताकि जल संसाधन विभाग से सर्वे उपरांत कार्य स्वीकृत हो सके। हाई स्कूल प्रांगण में पेवर ब्लॉक लगाने की मांग पर विधायक निधि से कार्य कराने की सहमति दी गई। दौरे में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
