महू। महू वन परिक्षेत्र के कुलशगढ़ के डमाली कस्बा निवासी एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना गुरुवार शाम करीब 6ः30 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब 65 वर्षीय अर्जुन गावड़ जंगल में बकरियां चरा रहे थे।
घायल अर्जुन के मुताबिक वह पेड़ के नीचे डंडा लेकर खड़े थे, तभी अचानक पीछे से तेंदुए ने झपट्टा मार दिया। हमले से वह जमीन पर गिर पड़े, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने डंडे से तेंदुए पर लगातार दो वार किए। जवाबी हमले से घबराकर तेंदुआ मौके से भाग गया। इस हमले में अर्जुन का बायां कंधा तेंदुए के पंजों से घायल हो गया और खून बहने लगा। घटना के बाद अर्जुन ने अपने पुत्र राजेश को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही राजेश ग्रामीणों के साथ जंगल पहुंचा और घायल पिता को घर लेकर आया। बताया जाता है कि घटना के दौरान अर्जुन की बकरियां डरकर जंगल से भागते हुए सीधे घर पहुंच गईं, जिससे तेंदुआ किसी बकरी का शिकार भी नहीं कर सका।
अगले दिन मिली वन विभाग को सूचना
घटना की जानकारी वन विभाग को शुक्रवार सुबह मिली। इसके बाद विभाग ने घायल अर्जुन को उपचार के लिए महू के मध्य भारत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। वन विभाग द्वारा तत्काल सहायता के रूप में अर्जुन को 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। वहीं क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
