Homeपीथमपुरजरा सी चूक और खत्म जिंदगी! टंकी निर्माण में सुरक्षा नियमों की...

जरा सी चूक और खत्म जिंदगी! टंकी निर्माण में सुरक्षा नियमों की अनदेखी

पीथमपुर। औद्योगिक नगरी पीथमपुर में बन रही पानी की मदद टंकी के निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई है। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में जिला सरकारी स्कूल के सामने लगभग 5.30 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर ठेकेदार द्वारा घोर अनदेखी की जा रही है।
निर्माण कार्य जेएसके कंपनी द्वारा किया जा रहा है, जहां मजदूरों से बिना हेलमेट, बिना सेफ्टी बेल्ट और बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ऊंचाई पर काम कराया जा रहा है। पांच मंजिला ऊंचाई जैसी जोखिम भरी जगह पर इस तरह काम करवाना सीधे तौर पर मजदूरों की जान से खिलवाड़ माना जा रहा है। जरा सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


यह निर्माण स्थल हाउसिंग बोर्ड स्थित जोन कार्यालय के ठीक पीछे स्थित है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी सरकारी परियोजना होने के बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जो बेहद गंभीर मामला है।


हाल ही में सागर में क्रेन गिरने से हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत के बाद भी यहां किसी तरह के चेतावनी संकेत या सुरक्षा बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, निर्माण स्थल के बाहर सड़क पर गिट्टी और रेत फैलाकर आवागमन भी बाधित किया जा रहा है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


निर्माण कार्य के दौरान मटेरियल उठाने के लिए भी असुरक्षित ‘जुगाड़’ का सहारा लिया जा रहा है। वहीं, मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पूरी तरह नदारद हैं। इतना ही नहीं, कवरेज के दौरान पत्रकारों को भी रोकने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है, जो पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular