Homeपीथमपुरकाउंसलिंग से बचा बिखरता परिवार, महिला थाना धार की पहल से पति-पत्नी...

काउंसलिंग से बचा बिखरता परिवार, महिला थाना धार की पहल से पति-पत्नी में हुआ समझौता

धार। महिला पुलिस थाना धार द्वारा लगातार बिखरते परिवारों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला थाना पुलिस की समझाइश से एक परिवार टूटने से बच गया और पति-पत्नी के बीच आपसी सुलह हो गई।

पुलिस उप महानिरीक्षक व पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (उत्तर) पारुल बेलापुरकर के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक आनंद तिवारी ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के साथ ही पति-पत्नी के मामूली पारिवारिक विवादों को काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में महिला थाना धार में एक महिला (परिवर्तित नाम रेखा) ने शिकायत आवेदन देकर बताया कि उसकी शादी करीब पांच वर्ष पहले समाज के रीति-रिवाज से हुई थी और उनका एक तीन साल का बेटा भी है। महिला का आरोप था कि उसका पति अक्सर झगड़ा करता है, चरित्र शंका कर मारपीट करता है और सास-ससुर भी छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशान करते हुए गाली-गलौच करते हैं। महिला ने यह भी बताया कि विवाद के बाद उसे घर से भगा दिया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना प्रभारी ने शिकायत की जांच उप निरीक्षक रामसिंह गौर को सौंपी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद महिला पुलिस टीम ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धार की सदस्य लेखा शर्मा की उपस्थिति में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की। इस दौरान दोनों परिवारों को रिश्तों के महत्व के बारे में समझाया गया और साथ रहकर जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया गया।

समझाइश के बाद पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति बन गई। पति ने आश्वासन दिया कि वह भविष्य में पत्नी के साथ किसी प्रकार का विवाद, गाली-गलौच या मारपीट नहीं करेगा और उसे सम्मान के साथ रखेगा। महिला पुलिस थाना धार का कहना है कि टूटते रिश्तों को बचाने के लिए इस तरह की काउंसलिंग की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई में निरीक्षक क्लेर डामोर, उप निरीक्षक रामसिंह गौर, प्रधान आरक्षक रतन कटारे, प्रधान आरक्षक सीता अलावा, आरक्षक राकेश देवल और महिला सैनिक पूजा कटारे की विशेष भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular