देपालपुर। ग्राम पंचायत बनेडिया को वृंदावन गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत देपालपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) पूजा मालाकार सैनी ने गुरुवार को गांव का दौरा कर प्रस्तावित विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने वृंदावन गांव की अवधारणा के तहत प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े तालाब की पाल पर घाट निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र को धार्मिक और पर्यटन के रूप में विकसित किया जा सके।
इसके अलावा जैन मंदिर के सामने बनी पानी की टंकी का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवाल निर्माण के निर्देश भी दिए। सीईओ पूजा मालाकार सैनी ने बताया कि वृंदावन गांव योजना के तहत शासन की गाइडलाइन के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे ग्राम बनेडिया को एक आदर्श धार्मिक एवं पर्यटन गांव के रूप में विकसित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत बनेडिया के सचिव योगेश शर्मा सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
