महू। थाना बड़गोंदा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 650 ग्राम गांजा एवं एक रायल इनफिल्ड मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रायल इनफिल्ड (क्रमांक MP09XH9003) से नखेरी डेम से बड़गोंदा की ओर अवैध रूप से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नखेरी डेम तिराहे पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में पवन पिता जोरावर डावर (41 वर्ष) एवं संतोष पिता नरसिंह डावर (32 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम घोड़ा खुर्द, थाना बड़गोंदा, जिला इंदौर शामिल हैं। तलाशी लेने पर उनके पास से एक झोले में तीन प्लास्टिक की थैलियों में रखा कुल 2.65 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 26 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने गांजा के साथ ही करीब 2.50 लाख रुपए कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश वास्कले के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल चाकरे, स.उ.नि. मुन्नालाल यादव, प्रधान आरक्षक मुकेश नागर, योगेश रघुवंशी, पंकज ओझा, आरक्षक रवि राजावत, मुलायम एवं कैलाश की सराहनीय भूमिका रही।
