Homeक्राइमपीथमपुर सेक्टर-1 में 14 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल मिला, इंदौर...

पीथमपुर सेक्टर-1 में 14 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल मिला, इंदौर रेफर

रंगीला प्रदेश जीवन डोडिया

पीथमपुर। सेक्टर नंबर-1 स्थित यूनिवर्सल रंगीला मैदान में गुरुवार शाम क्षेत्रवासियों को लगभग 14 वर्षीय एक बालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। बालक की हालत नाजुक देख स्थानीय रहवासियों ने तत्काल अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रोहित वर्मा को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रोहित वर्मा ने थाना पुलिस एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को मामले से अवगत कराया। इसके बाद घायल बालक को तुरंत डाक बंगला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के पश्चात चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया।

मामले की जानकारी देते हुए समाजसेवी डॉ हेमंत हीरोले ने बताया कि बालक ने अपना नाम देव बताया है। उसके अनुसार वह लंबे समय से बस स्टैंड के पास लावारिस स्थिति में रह रहा था और भीख मांगकर जीवनयापन कर रहा था। बालक ने बताया कि उसकी माता का निधन हो चुका है तथा पिता उसे छोड़कर चला गया है। वह नगर पालिका की दुकानों के शटर के पास रात गुजारता था।

बालक के कथनानुसार, उसके साथ रहने वाले एक व्यक्ति ने उसे कथित रूप से शराब पिलाकर गलत नीयत से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग की चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर भी दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।

डॉ हेमंत हीरोले ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अपने आसपास रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल स्थानीय थाने को दें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके। बालक को अस्पताल पहुंचाने के दौरान डॉ हेमंत कुमार हीरोले, मोनिका सोलंकी, रोहित वर्मा, रवि खोडगे, वीरेंद्र जायसवाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से बालक की सहायता कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular