सागौर (धार) जीवन खारीवाल। थाना सागौर क्षेत्र के ग्राम खंडवा स्थित नेशनल ऑटोमेटिव टेस्ट ट्रैक (नेट्रेक्स) के पावरट्रेन लैब परिसर में जाली काटकर भारी मात्रा में कॉपर पट्टियां चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सागौर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
फरियादी शिवशंकर शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 फरवरी 2026 की शाम लैब बंद कर ताला लगाया गया था। 12 फरवरी की सुबह पहुंचने पर पीछे के कंपाउंड की लोहे की जाली कटी मिली और लैब में लगी कॉपर पट्टियां गायब थीं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0026/26 धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक धार मयंक अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर एवं नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोनार्क होटल के पास कबाड़ी सुरेश राठौर को पकड़ा। पूछताछ में उसने सागौर निवासी कैलाश, मेठु उर्फ राहुल और उतरु से कॉपर पट्टियां खरीदना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से 1 क्विंटल 16 किलोग्राम कॉपर, कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रुपये, जब्त की गई। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
