Homeइंदौर15 हजार की रिश्वत लेते उपयंत्री लोकायुक्त के जाल में, रंगे हाथों...

15 हजार की रिश्वत लेते उपयंत्री लोकायुक्त के जाल में, रंगे हाथों गिरफ्तार


महू। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में पदस्थ उपयंत्री सावित्री मुवेल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत यशवंत नगर के सचिव रमेशचन्द्र चौहान ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचायत द्वारा 15वें वित्त आयोग मद से 4.52 लाख रुपये की लागत से बनाए गए सीसी रोड निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन कर माप पुस्तिका में मूल्यांकन दर्ज करने के एवज में उपयंत्री द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत की जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में 10 अप्रैल 2026 को ट्रैप दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उपयंत्री सावित्री मुवेल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपिया के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक रेनू अग्रवाल, आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक शैलेंद्र बघेल, मनीष माथुर, श्रीकृष्णा अहिरवार तथा महिला आरक्षक गायत्री व अर्चना शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में करें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular